किशोरी के साथ दुष्कर्म का शर्मनाक बदला, आरोपित किशोर की मां और बहन के साथ किया गंदा काम
बिहार की राजधानी पटना से सटे एक गांव में एक नाबालिग लड़के ने गांव की ही नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके प्रतिशोध में पीड़ित किशोरी के स्वजनों ने जो किया उसे जानकर किसी का सिर शर्म से झुक जाएगा।
पटना/बख्तियारपुर, जागरण टीम। औरतों को लेकर समाज का क्या नजरिया है, ये आपको पटना की इस घटना से पता चल जाएगा। बिहार की राजधानी पटना से सटे एक गांव में एक नाबालिग लड़के ने गांव की ही नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके प्रतिशोध में पीड़ित किशोरी के स्वजनों ने जो किया, उसे जानकर किसी का सिर शर्म से झुक जाएगा। दरअसल पीड़ित किशोरी के परिवार के कुछ सदस्य मामले को पुलिस तक ले जाने की बजाय आरोपित किशोर के घर पहुंच गए और उसकी मां और बहन के साथ गंदी हरकत कर डाली।
बख्तियारपुर थानाक्षेत्र के एक गांव का है मामला
पूरा मामला पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित किशोरी के स्वजन आरोपित के घर जाकर उसकी मां और बहन दोनों के साथ ज्यादती किए। जब परिवार के अन्य लोगों और पड़ोसियों ने इसका विरोध किया तो सभी भाग निकले। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
पुलिस ने पीड़ित किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
दोनों परिवारों के बीच पहले से चल रहा विवाद
थानाध्यक्ष कमलेश प्रसाद शर्मा ने बताया कि दोनों पड़ोसी के बीच पूर्व से भूमि विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम नाबालिग के साथ पड़ोसी किशोर ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना के विरोध में किशोरी के स्वजनों ने भी घर में घुसकर आरोपित की मां एवं बहन के साथ मारपीट एवं छेड़खानी की है। नाबालिग के स्वजन ने आरोपित किशोर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। वहीं आरोपित के स्वजन ने छेड़खानी एवं मारपीट का मामला दर्ज कराया है।