पटना की युवती का अपहरण का केस सुलझाने में उलझी पुलिस, लड़के के स्वजन हत्या की आशंका जता रहे
मामला बेलछी थाने के एक गांव का है। चार दिन पहले लड़की के स्वजन ने शादी की नीयत से भगा ले जाने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई थी। जांच के लिए जब पुलिस आरोपित युवक के घर पहुंची तो उसकी मां कुछ और ही कहानी बता रही है।
बाढ़ (पटना), संवाद सूत्र। Patna Crime: पटना में एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला उलझता जा रहा है। मामला बेलछी थाने के एक गांव का है। चार दिन पहले लड़की के स्वजन ने शादी की नीयत से भगा ले जाने की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच के लिए जब पुलिस आरोपित युवक के घर पहुंची तो उसकी मां कुछ और ही कहानी बता रही है। युवक की मां का कहना है कि उसके बेटे को लड़की के रिश्तेदारों ने बंधक बना लिया है और कभी भी उसकी हत्या कर सकते हैं।
पुलिस हर दिन पहुंच रही श्याम के घर
लड़की के परिवार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में दुर्जनचक निवासी श्याम कुमार और उसके घर के कुछ सदस्यों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस इस मामले को लेकर हर दिन श्याम के घर पर पहुंचकर उसके स्वजनों पर दबाव बना रही है। लेकिन अभी तक लड़की का पता नहीं चला है।
लड़के की मां बोली-मेरे बेटे को बनाया बंधक
इधर, आरोपित युवक श्याम कुमार की मां ने बताया कि दो दिन पहले एक अज्ञात नंबर से लड़की ने ही फोन किया था। उसने बताया कि वह बरेली में अपनी बुआ के यहां है और श्याम भी उसके साथ है। श्याम का हाथ-पैर व मुंह बांधकर रखा गया है। लड़के की मां के मुताबिक लड़की ने उससे कहा कि वह किसी तरह छिपकर फोन कर रही है। श्याम के साथ अनहोनी भी हो सकती है।
आरोपित युवक का भाई भी है लापता
श्याम की मां ने बताया कि उसका दूसरा बेटा इंद्रजीत कुमार भी दो दिनों से लापता है। इसको लेकर वह भयभीत है। इस बाबत बेलछी पुलिस को लड़की के मोबाइल नंबर और घटनाक्रम से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन पुलिस इसे ड्रामा मान रही है। स्वजनों के मुताबिक श्याम ने दो साल पहले अपनी पढ़ाई छोड़ दी थी।
हाई स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुआ था प्यार
महंत राम नारायण पुरी उच्च विद्यालय सकसोहरा में पढ़ाई करने के दौरान उसे एक लड़की से उसे प्यार हुआ था और बाद में उसके माता-पिता ने श्याम के साथ गायब होने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। लड़के के परिवार को अब लगने लगा है कि यदि पुलिस उसके बेटे को नहीं छुड़ा पाई तो उसकी हत्या भी हो सकती है। वहीं पुलिस इसे सफेद झूठ बता रही है। हालांकि अभी तक लड़का-लड़की का पता नहीं चल पाया है। वही दोनों के माता-पिता परेशान हैं।