बालिका कबड्डी में शानदार प्रदर्शन कर पटना बना विजेता, बेगूसराय को 31-29 से किया पराजित
19वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब पटना ने जीत लिया है। पटना ने बेगूसराय को 31-29 से पराजित किया है।
पटना, जेएनएन। मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को संपन्न 19वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब पटना ने बेगूसराय को 31-29 से पराजित कर जीत लिया। पहले हाफ तक पटना की टीम 20-9 से आगे थी। दूसरे हाफ में बेगूसराय ने वापसी करते हुए मैच खत्म होने के पांच मिनट पहले तक स्कोर 27-27 पर बराबर कर लिया।
अंतिम पांच मिनट में पटना की वापसी
आखिरकार धैर्य न गंवाते हुए पटना ने यह मैच 31-29 से जीत खिताब पर कब्जा जमाया। पटना की ओर से सुरुचि, लक्ष्मी, सिमरन, प्रतिभा और लक्ष्मी प्रथम, बेगूसराय की ओर से आरती, रिया, प्रियंका, अंजलि, स्नेहा, सुप्रिया और वर्षा ने बढ़िया प्रदर्शन किया। सुरुचि को बेस्ट रेडर जबकि आरती को बेस्ट कैचर का पुरस्कार दिया गया। यह जानकारी बिहार राज्य कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय ने दी। विजय समेत संघ के तमाम पदाधिकारियों ने विजेता को बधाई दी।
राष्ट्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए बिहार की टीम घोषित
तेलंगाना में 27 जनवरी से दो फरवरी तक होनेवाली 81वीं राष्ट्रीय सीनियर टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को बिहार टीम की घोषणा कर दी गई। बिहार टेबल टेनिस संघ के सचिव मुकेश राय ने यह जानकारी दी। खिलाड़ियों को संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम : पुरुष : पीयूष डी गांधी, किशन राज (कप्तान), योगेश, लेख राज, अमित, सोमनाथ, आदित्य, नावेद, महिला : रियांशी, सुर्पणा, फाल्गुनी, साइका परवीन और सीमा, कोच : संजय कुमार।