स्टेशनों पर जनता भोजन नहीं रखना धोखा
पटना । रेल मंत्रालय ने सभी स्टेशनों के फूड स्टॉल पर जनता भोजन रखना अनिवार्य किया है। इसके
पटना । रेल मंत्रालय ने सभी स्टेशनों के फूड स्टॉल पर जनता भोजन रखना अनिवार्य किया है। इसके बावजूद पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन के किसी स्टॉल पर जनता भोजन उपलब्ध नहीं है। 'जन आहार' में भी जनता भोजन उपलब्ध नहीं है। इसका उपलब्ध नहीं होना स्टॉल वालों की साजिश है। वे यात्रियों के साथ धोखा कर रहे हैं। यह टिप्पणी पटना जंक्शन का निरीक्षण करने पहुंची यात्री सुविधा समिति की टीम के अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा ने कहीं।
उन्होंने कहा कि पटना जंक्शन जैसे ए-1 श्रेणी के स्टेशन पर इतनी गंदगी होगी इसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। उन्होंने सारे सफाईकर्मियों कापीएफ एवं ईएसआइ में निबंधन कराने का निर्देश दिया। इसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को सौंपने की बात कही। टीम में अध्यक्ष कैलाश नाथ शर्मा, सदस्य राकेश कुमार सिंह व अन्य सदस्य थे। दोपहर 3.30 बजे दिन में टीम प्लेटफॉर्म संख्या एक का निरीक्षण करने पहुंची। वहां महिला व पुरुष प्रतीक्षालय का निरीक्षण किया। बगल के वाटर-बूथ का निरीक्षण किया। गंदगी का अंबार लगा था। बूथ के पास काफी फिसलन थी तथा लोहे का सरिया टूटा हुआ था। इससे पानी लेने के दौरान फिसलकर यात्रियों को गंभीर चोट लगने की पूरी संभावना थी। उन्होंने तत्काल इसे ठीक करने को कहा। इसके बाद टीम 'जन आहार' का निरीक्षण करने पहुंची। यहां के वॉश बेसिन के पास साफ-सफाई की कमी दिखी। प्लेटफॉर्म संख्या एक के फूड प्लाजा का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों से बातचीत की। यात्रियों ने 60 रुपये का डोसा 77 रुपये में बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने इसकी शिकायत साथ में चल रहे डीसीएम से की। इसके बाद वे प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचे। प्लेटफार्म संख्या 2-3 के एक स्टॉल संचालक द्वारा आवंटन से अधिक जमीन पर कब्जा कर स्टॉल बनाए जाने की शिकायत की। दूसरे स्टॉल का भी यही हाल देखा। इसी प्लेटफार्म पर बंद पड़े एक स्टॉल को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। इस प्लेटफार्म के वाशिंग पिट की मरम्मत का कार्य चल रहा है। काफी सामान प्लेटफार्म पर ही रखा हुआ था। इसको लेकर टीम ने आपत्ति दर्ज की। इसके बाद टीम चार-पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंची। यहां के सारे स्टॉल की जांच की। प्लेटफॉर्म पर कम संख्या में पंखे देख इसकी संख्या बढ़ाने को कहा। शाम में राजधानी एक्सप्रेस से टीम दिल्ली लौट गई।