शिवपाल की पार्टी बिहार-यूपी समेत देश के सभी लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव
मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल यादव की पार्टी समाजवादी सेक्युलर मोर्चा देश की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी का बिहार में भी गठन हो चुका है।
पटना [जेएनएन]। उत्तर प्रदेश (यूपी) के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के भाई शिवपाल सिंह यादव द्वारा गठित समाजवादी सेक्युलर मोर्चा आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार और यूपी समेत देश की सभी 547 लोकसभा सीटों पर दावेदारी पेश करेगी। साथ ही महागठबंधन से भी अपनी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा करेगी। इसकी जानकारी पटना में पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन शिवपाल सिंह यादव द्वारा मुलायम सिंह यादव के आशीर्वाद से हुआ है। इसका मकसद है भटकाव के रास्ते चल रहे सेक्युलर लोगों को सही रास्तेे पर लाना और देश की एकता और अखंडता को बचाना है। उन्होंने बताया कि पार्टी को यूपी, बिहार, कर्नाटक, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के दो दर्जन से भी ज्याादा दलों का समर्थन प्राप्त है। पार्टी नेतृत्व महागठबंधन से भी वार्ता करने वाला है।
राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बिहार प्रदेश में भी समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन हो चुका है। मोर्चा में केवल समाजवादी विचारधारा वाले लोग हीं रहेंगे।