Bihar Election 2020: सीटों पर सधे कदमों से आगे बढ़ रहे पारस-प्रिंस, कुछ और ही कह रहे रामविलास
Bihar Election 2020 सीटों पर सधे कदमों से आगे बढ़ रहे पारस-प्रिंस कुछ और ही कह रहे हैं रामविलास पासवान। पासवान का कहना है कि अभी वह कहां कुछ कह रहे हैं।
पटना, भुवनेश्वर वात्स्यायन। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को ले लोजपा ने इशारे-इशारे में सीटों को ले अपने दावे की बात को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। कभी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने सीटों की संख्या पर बात की और हाल में लोजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रिंस राज ने सीटों की संख्या का मामला आगे बढ़ाया है। वैसे रामविलास पासवान ने कहा है कि अभी वह कहां कुछ कह रहे।
15 सीटों पर स्वभाविक दावा मान रही लोजपा
वैसी 15 सीटों पर लोजपा स्वत: अपना दावा मान रही जहां 2015 के विधानसभा में उसके प्रत्याशी राजद, कांग्रेस व भाकपा (माले) के साथ सीधे मुकाबले में थे। लोजपा में ऐसी सीटों पर विशेष रूप से चर्चा है जहां सीधे मुकाबले में लोजपा प्रत्याशी को राजद या फिर कांग्रेस के प्रत्याशी से हार मिली।
इन जगहों पर लोजपा की खास दावेदारी
अररिया विधानसभा क्षेत्र में लोजपा प्रत्याशी अजय कुमार झा दूसरे नंबर पर थे। जीत कांग्रेस के प्रत्याशी अविदुर रहमान की हुई थी। वैसे यहां जीत-हार का अंतर 40 हजार वोटों का था। वैशाली के राजापाकर में लोजपा प्रत्याशी राजद के शिवचंद्र राम के साथ सीधे मुकाबले में थे। दूसरे नंबर पर थे लोजपा प्रत्याशी रामनाथ रमण। यहां जीत-हार का अंतर 15 हजार मतों का था। बछवाड़ा से कांग्रेस के रामदेव राय चुनाव जीते थे और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी थे लोजपा के अरविंद कुमार सिंह।
तब यहां हार गए थे पारस
साहेबपुर कमाल में राजद के श्रीनारायण यादव ने लोजपा के एमडी असलम को सीधे मुकाबले में हराया था, अलौली में राजद के चंदन कुमार से लोजपा के दिग्गज पशुपति कुमार पारस चुनाव हार गए थे, कहलगांव में कांग्रेस के सदानंद सिंह ने लोजपा नीरज कुमार मंडल को हराया था, नालंदा के हिलसा में राजद के अत्रीमुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव ने लोजपा की दीपिका कुमारी को हराया था, फतुहा से राजद के डॉ रामानंद यादव से लोजपा प्रत्याशी सत्येंद्र सिंह सीधे मुकाबले में हार गए थे।
परसा में जीते थे लालू के समधी चंद्रिका राय
गया के बाराचट्टी में राजद प्रत्याशी समता देवी ने लोजपा की सुधा देवी को हराया था, अतरी में राजद की कुंती देवी से लोजपा के अरविंद कुमार सिंह हार गए थे, मनिहारी में कांग्रेस के मनोहर प्रसाद सिंह ने लोजपा के अनिल कुमार उरांव को हराया था, मांझी में लोजपा के केशव सिंह को कांग्रेस के विजय शंकर दूबे ने हराया, परसा में राजद के चंद्रिका राय ने लोजपा के छोटेलाल को हराया, जमुई के सिकंदरा में लोजपा के सुभाष चंद्र बोस दूसरे नंबर पर थे और जीत कांग्रेस प्रत्याशी बंटी चौधरी की हुई थी। वहीं तरारी में लोजपा प्रत्याशी गीता पांडेय को भाकपा (माले) के सुदामा प्रसाद ने हराया था।
खास बातें
- कभी पारस तो कभी प्रिंस राज सीटों की संख्या के साथ बात कर रहे
- जिन सीटों पर कांग्रेस व राजद के साथ सीधा मुकाबला वहां दावे की तैयारी
- इस श्रेणी में 2015 में 15 सीटों पर लोजपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर थे
जहां दूसरे नंबर पर थी लोजपा
1. अररिया 2. राजापाकर 3. बछवाड़ा 4. साहेबपुर कमाल 5. सिकंदरा 6. अतरी 7. बाराचट्टी 8. फतुहा 9. अलौली 10. कहलगांव 11. हिलसा 12. मनिहारी 13 परसा 14. मांझी 15. तरारी