पालीगंज में राशि के अभाव में बंद छह पैक्सों में धान की खरीदारी शुरू
प्रखंड के छह पैक्सों में राशि के अभाव में बंद धान की खरीदारी फिर शुरू हो गई है। आपके अपने अखबार दैनिक जागरण में प्रमुखता से खबर छपने के बाद विभाग ने संबंधित पैक्स अध्यक्षों के खातों में 15-15 लाख रुपये की राशि भेज दी। धरहरा पैक्स अध्यक्ष मिथलेश वर्मा व मउरी पियरपुरा के पैक्स अध्यक्ष अरविद वर्मा ने बताया कि बुधवार से दोबारा खरीदारी शुरू हुई है।
पालीगंज। प्रखंड के छह पैक्सों में राशि के अभाव में बंद धान की खरीदारी फिर शुरू हो गई है। आपके अपने अखबार दैनिक जागरण में प्रमुखता से खबर छपने के बाद विभाग ने संबंधित पैक्स अध्यक्षों के खातों में 15-15 लाख रुपये की राशि भेज दी। धरहरा पैक्स अध्यक्ष मिथलेश वर्मा व मउरी पियरपुरा के पैक्स अध्यक्ष अरविद वर्मा ने बताया कि बुधवार से दोबारा खरीदारी शुरू हुई है। अजदा सिकरिया पैक्स में ठकुरी ग्राम के किसान पंकज कुमार की धान अधिप्राप्ति कर इसकी शुरुआत की गई। साथ ही धरहरा, जमहरु इमामगंज, मसौढ़ा जलपुरा व सरसी पीपरदहां पैक्स में भी धान की अधिप्राप्ति जोरशोर से शुरू कर दी गई है। पैक्स अध्यक्षों ने बताया कि धान को राइस मिल से चावल आपूर्ति के बाद भी एसएफसी की लापरवाही से राशि भुगतान में काफी देर हो रहा है। एसएफसी द्वारा अगर समय पर पैक्सों का भुगतान किया जाए, तो प्रखंड के सभी किसानों से धान अधिप्राप्ति की जा सकती है। इधर, राशि के अभाव में बंद हुए छ: पैक्सों में दोबारा अधिप्राप्ति होने की सूचना पैक्स अध्यक्षों की ओर से प्रचार-प्रसार के माध्यम से दी जा रही है। पैक्सों में एक बार फिर खरीदारी शुरू होने से किसानों के चेहरे पर भी खुशी का माहौल है। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि राशि के अभाव मे बंद धान की अधिप्राप्ति छह पैक्सों में शुरू हो गई है। अध्यक्षों के खातों में 15-15 लाख रुपए सीसी के माध्यम से भेजे गए हैं। सभी पैक्स अध्यक्षों को शत प्रतिशत धान अधिप्राप्ति करने का निर्देश दिया गया है। एसएफसी से पैक्सों को भुगतान कराने के लिए वरीय अधिकारियों से बात की गई है।