पंचायतों में भाजपा का आज से पैकेज धन्यवाद अभियान
भाजपा सोमवार से 31 अगस्त तक सभी पंचायतों में पैकेज धन्यवाद पत्र लिखने का अभियान शुरू करेगी। धन्यवाद पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज बिहार को देने की खुशी में लिखा जाएगा। ये बातें रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कही।
पटना। भाजपा सोमवार से 31 अगस्त तक सभी पंचायतों में पैकेज धन्यवाद पत्र लिखने का अभियान शुरू करेगी। धन्यवाद पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1.25 लाख करोड़ रुपये का पैकेज बिहार को देने की खुशी में लिखा जाएगा। ये बातें रविवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मंगल पांडेय ने कही।
प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि रविवार को प्रदेश में प्रधानमंत्री द्वारा पैकेज दिए जाने को लेकर धन्यवाद जुलूस निकाला गया। महागठबंधन की स्वाभिमान रैली से भाजपा की परिवर्तन रैली बड़ी होगी। उन्होंने कहा कि राजद और जदयू पटना में पूरे प्रदेश की रैली आयोजित कर रहे हैं जबकि भाजपा की भागलपुर रैली महज आठ जिलों की रैली होगी। फिर भी प्रधानमंत्री की परिवर्तन रैली ऐतिहासिक होगी।
उन्होंने सरकार पर नौकरशाही के बेजा इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भागलपुर नगर आयुक्त मुख्यमंत्री के इशारे पर प्रधानमंत्री की होर्डिंग हटवा रहे हैं। नगर आयुक्त की शिकायत वह चुनाव आयोग से करेंगे। नीतीश पर हमला बोलते हुए पांडेय ने कहा कि मित्रों को धोखा देने की उनकी पुरानी आदत है।
महागठबंधन में सपा के शामिल होने के बावजूद सपा को एक भी टिकट नहीं दिया। इसी तरह नीतीश कुमार के द्वारा एनसीपी के साथ भी छल करने का आरोप लगाया।
पांडेय ने प्रदेश सरकार पर केंद्र सरकार की योजना का श्रेय लेने को लेकर हमला बोला। उन्होंने प्रदेश सरकार पर झूठे प्रचार करने का आरोप लगाया है। पांडेय ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए चुटकी ली। उन्होंने केजरीवाल से पूछा वह कांग्रेस के साथ हैं या विरोध में, यह स्थिति स्पष्ट करें। 27 अगस्त को केजरीवाल के पटना आने पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़कर दिल्ली की सत्ता पर केजरीवाल काबिज हुए उसी कांग्रेस के साथ महागठबंधन में शामिल हो गए हैं।