बिहार के अस्पतालों में आज भी ठप है ओपीडी सेवा, आरा में निजी क्लिनिक भी बंद
भोजपुर जिले में जिला प्रशासन और डॉक्टरों के बीच चल रहे विवाद को लेकर आज भी बिहार के कई अस्पतालों में ओपीडी सेवा बंद है। भोजपुर में आज प्राइवेट क्लिनिक भी बंद हैं।
जागरण टीम, पटना। बिहार के भोजपुर जिले में डॉक्टरों और जिलाधिकारी के बीच चल रही लड़ाई के 24 घंटे से अधिक बीत गए हैं। लेकिन, मामला सुलझने की बजाय और उलझता ही जा रहा है।
गुरुवार को भोजपुर जिले के सरकारी अस्पताल के साथ ही सभी निजी क्लिनिक भी बंद हो गए हैं। आइएमए और भासा की आकस्मिक बैठक के बाद निजी क्लिनिकों को भी बंद करने का एेलान किया है। बता दें कि कल शाम निजी क्लिनिक में भी हंगामा हुआ था।
अस्पतालों में ओपीडी बंद करने का सबसे ज्यादा खामियाजा जिले के मरीजों को भुगतना पड़ा है। आरा में डॉक्टरों की सामूहिक हड़ताल का कहर मरीजों पर टूटा है जिसमें मरीज को इलाज के अभाव में जान तक गंवानी पड़ी है। इधर, डॉक्टर जिलाधिकारी के तबादले की जिद पर अड़े हैं तो वहीं जिला प्रशासन ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है।
डॉक्टरों की हड़ताल के कारण आरा सदर अस्पताल सहित कई जगहों पर दिन भर मरीज भटकते रहे। सदर अस्पताल के ओपीडी में ताला लटके होने के कारण दूर दराज से आये मरीजों को बिना इलाज कराए ही लौटना पड़ा। नए मरीजों का पंजीयन तक नहीं हुआ। हालांकि पुराने मरीजों का इलाज चल रहा है।