अनियंत्रित कार ने अॉटो में मारी टक्कर, अधेड़ की मौत पर आक्रोशितों ने NH-30A किया जाम
पटना के फतुहा में गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने NH-30A पर जाम लगा दिया।
पटना, जेएनएन। फतुहा थाना क्षेत्र के दनियावां NH-30A पर गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने अॉटो में टक्कर मार दी। जिससे दोनों गाड़ी पलट गईं। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई। जबकि दस से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने NH-30A पर मृतक का शव रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सड़क जाम कर दी। मौका पाकर स्विफ्ट डिजायर गाड़ी का चालक फरार हो गया तो उसकी कार में आक्रोशित लोगों ने आग लगा दी।
दस से अधिक यात्री घायल
दुर्घटना का शिकार अॉटो दनियांवा से फतुहा जा रहा था। इसमें दनियांवा से करीब दस से अधिक यात्री बैठे थे। टेम्पो जैसे ही फतुहा थाना क्षेत्र के दनियावां NH-30A पर पहुंचा की तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उसमें टक्कर मार दी। इससे टेम्पो और कार दोनों पलट गई। हादसे में ड्राइवर के दाहिने साइड बैठा दनियावां का रहने वाला विजेंद्र रवि दास (55) अॉटो के नीचे दब गया। इसके पहले लोग उसे निकाल पाते उसने दम तोड़ दिया। जबकि दस लोग घायल हो गए। हंगामें की सूचना पर फतुहा और दनियावां थाने की पुलिस पहुंच गई।