बेलगाम डंफर ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
पालीगंज अनुमंडल के अंतर्गत रानीतालाब थाना के सरिया गांव में रविवार को सुबह सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, दूसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद लोगों ने जमकर बवाल काटा।
पटना, जेएनएन। बेलगाम डंफर ने रविवार की सुबह एक और जान ले ली। घटना पालीगंज अनुमंडल के अंतर्गत रानीतालाब थाना के सरिया गांव के समीप हुई। यहां एक तेज रफ्तार डंफर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक पर दो लोग सवार थे। टक्कर मारने के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। हादसे के बाद एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना औरंगाबाद 139 पथ को जाम कर दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं पुलिस मौके पहुंच हंगामा कररहे ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया।
बताया जाता है कि रानी तालाब थाना के भटोली गांव निवासी 35 वर्षीय अशोक महाराज और ढिबरा निवासी राजकुमार अपने नजदीकी लक्ष्मी नारायण के यहां यज्ञ में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के पूरे होने के बाद वे रविवार की सुबह बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पटना-औरंगाबाद रोड पर एक तेज रफ्तार डंफर ने उन्हें कुचल दिया। इस घटना में अशोक महाराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं राज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर घटना को अंजाम देने के बाद डंफर चालक गाड़ी को लेकर फरार हो गया।