बिहार में BJP के सभी सांगठनिक चुनाव समय पर, भूपेंद्र ने लगाई चुनाव प्रभारियों की पाठशाला
बिहार भाजपा में सदस्यता अभियान के जरिए जनाधार विस्तार के बाद संगठनात्मक चुनाव की तैयारियां जोर पकडऩे लगी है। बिहार प्रभारी ने चुनाव प्रभारियों की पाठशाला लगाई।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार भाजपा में सदस्यता अभियान के जरिए जनाधार विस्तार के बाद संगठनात्मक चुनाव की तैयारियां जोर पकडऩे लगी है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने संगठनात्मक चुनाव को लेकर जिले के चुनाव प्रभारियों की पाठशाला लगाई। उन्होंने संगठन को सुदृढ़ बनाने के लिए तय समय सीमा में मंडल और शक्ति केंद्रों के चुनाव प्रभारियों की चयन प्रक्रिया पूरी करने पाठ पढ़ाया।
सदस्यता अभियान की सफलता पर बधाई
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर जमीनी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रभारी घोषित कर संगठन को सुदृढ़ करने प्रक्रिया सुनिश्चित करें। संगठनात्मक चुनाव को तय समय सीमा में पूरी करने के साथ ही बिहार प्रभारी ने पार्टी पदाधिकारियों को चार टास्क भी दिए। इससे पूर्व पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी सुरेश रूंगटा की अध्यक्षता में जिले के चुनाव प्रभारियों की बैठक हुई। इसके बाद जिले के चुनाव प्रभारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन भी किया गया। भूपेंद्र ने सदस्यता अभियान की शानदार सफलता के पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी।
जनाधार विस्तार का दिया टास्क
भूपेंद्र यादव ने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को जनाधार विस्तार का पाठ भी पढ़ाया। कहा कि अनुच्छेद 370 पर जनसंपर्क अभियान सुनिश्चित कराएं। जिलों में 10 से 30 सितंबर के बीच अनुच्छेद-370 पर जन जागरण सम्मेलन कराएं। विश्वविद्यालय, कॉलेज या अन्य शैक्षणिक संस्थाओं में जन जागरण कराने का विशेष प्रयास करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है। ऐसे में पार्टी ने 14 से 20 सितंबर तक साप्ताहिक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
दो अक्टूबर से निकाली जाएगी पदयात्रा
उन्होंने कहा कि इस मौके पर रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, आंखों की जांच एवं ऑपरेशन कैंप लगाएं। अस्पतालों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में जाकर मरीजों एवं जरूरतमंदों को फल का वितरण सुनिश्चित कराएं। प्लास्टिक मुक्त देश बनाने के लिए स्कूल और कॉलेज जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। जल संरक्षण के प्रति भी लोगों में जागरूकता अभियान चलाएं। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर दो से 30 अक्टूबर के बीच सांसदों को 10 किमी पद यात्रा निकालने की योजना से अवगत कराया।