पटना में 25 साल पहले खरीदी जमीन को लेकर हत्या, बिक्रम में वृद्ध की गोली मारकर ले ली जान
बिक्रम थाना क्षेत्र के मठ बलियारी गांव में समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने सामने हो गए। इसमें एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी में लॉकडाउन के दौरान लोग अपने घरों के अंदर रहना मुनासिब समझ रहे हैं। हर कोई कोरोना वायरस के संक्रमण से खुद को और दूसरों को बचाना चाह रहा है। इस बीच आपसी विवाद की भी खबर लगातार सामने आ रही है। रविवार की देर रात बिक्रम थाना क्षेत्र के मठ बलियारी गांव में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने सामने हो गए। इस दौरान एक तरफ से फायरिंग की जाने लगी, जिसमें एक 65 वर्षीय वृद्ध को गोली लग गई। गोली लगने से घायल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान ईश्वर चंद उर्फ नन्हू राय (65) के रूप में हुई है।
मृतक की पत्नी ने दर्ज कराई एफआइआर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया है। जानकारी होने पर बिक्रम थाने की पुलिस छानबीन करने के लिए पहुचं गई है। मृतक ईश्वर चंद उर्फ नन्हू राय के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी मनोरमा देवी ने बिक्रम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
25 साल पहले खरीदी जमीन के लेकर हत्या
अपनी शिकायत में मृतक की पत्नी ने बताया है कि उनके पति ईश्वर चंद ने 25 साल पहले 12 कट्ठा जमीन खरीदी थी, जिसमें दीन दयाल राय के पुत्र सोनू कुमार एवं गंगा राय भी हिस्सा मांग रहे थे। इसी 12 कट्ठा जमीन के लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। जमीन में हिस्सा न देने पर सोनू कुमार एवं गंगा राय ने ईश्वर चंद की हत्या कर दी। महिला ने उक्त दोनों को नामजद किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इधर, देर रात हुई हत्या से गांव में तनाव व्याप्त है। बड़ी संख्या में पुलिस कैंप कर रही है। वारदात के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।