पश्चिमी विक्षोभ पड़ा कमजोर, आज से बारिश से मिलेगी राहत
पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में हो रही बारिश से मंगलवार को राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना। पिछले दो दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में हो रही बारिश से मंगलवार को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की उम्मीद नहीं है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ काफी कमजोर पड़ चुका है। सोमवार को शेरघाटी में 16.2 मिलीमीटर, बोधगया में 13.4, झाझा में 12.2, गया में 7.4 एवं नवादा में 7.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। सोमवार को छपरा राज्य का सर्वाधिक ठंडा स्थान रहा। वहां पर न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राज्य में भागलपुर एवं पूर्णिया में घने बादल छाए रहे। प्रदेश में अधिकतम तापमान सीतामढ़ी का रिकार्ड किया गया, वहां पर अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी में न्यूनतम तापमान 15.4 एवं अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शहर में न्यूनतम एवं अधिकतम दोनों में वृद्धि दर्ज की गई।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से कल राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश भाग में बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकता है।
======
26 जनवरी को साफ रहेगा
आसमान
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 26 जनवरी को राजधानी समेत प्रदेश के अधिकांश भागों में आसमान साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी। सुबह में हल्का कोहरा हो सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ साफ हो जाएगा।
======
दोपहर में हल्की धूप
से मिली राहत
राजधानी में सोमवार को भी बादल छाए रहे। सुबह में राजधानी के वातावरण में काफी ठंड रही, लेकिन दोपहर में हल्की धूप निकली। हालांकि, उसका कोई खास असर वातावरण पर नहीं पड़ा। शाम होते ही शहर में फिर काफी ठंड बढ़ गई। रात आठ बजे से पहले की अपने घरों की ओर रवाना हो गए। नौ बजे तक घरों के खिड़की-दरवाजे बंद हो गए।