अब महागठबंधन में सीट विवाद, BJP-JDU ने कहा-सिर फुटौव्वल तय है
सीट शेयरिंग पर जहां एनडीेए में शांति छा गई है तो वहीं महागठबंधन में अब इसे लेकर घमासान की तैयारी है। कांग्रेस ने 12 तो मांझी ने 5 सीटें मांगी हैं। जदयू और भाजपा ने तंज कसा है।
पटना [जेएनएन]। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बिहार की सभी पार्टियों ने अपनी तैयारी अब जोरशोर से शुरू कर दी है। इसके साथ ही बयानबाजी और तीखी नोंकझोंक भी जारी है। किसे कितनी सीटें चाहिएं कौन कहां से लड़ेगा इसे लेकर भी दो गठबंधन में घमासान चल रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के पटना दौरे के बाद एनडीए में तो अब अॉल इज वेल है लेकिन महागठबंधन में अब इसी मुद्दे पर खींचतान शुरू हो गई है।
कांग्रेस को चाहिए बारह सीटें
महागठबंधन में कांग्रेस ने अपने लिए सम्मानजनक सीट की मांग की है। पार्टी के नेता अखिलेश सिंह ने कहा है कि कांग्रेस का अपना वजूद है और हमें वाजिब सीटें मिलनी चाहिए। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस बिहार के 40 लोकसभा सीट में से 12 की मांग कर रही है।
मांझी ने की पांच सीटों की डिमांड
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और महागठबंधन का हिस्सा बने हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को अपने लिए लोकसभा की 5 सीटों की मांग की थी। पार्टी ने जमुई, गोपालगंज, गया, मुंगेर, खगड़िया, नालंदा और मुजफ्फरपुर की सात में से तीन सीटों की मांग की है।
जदयू ने कसा तंज
उनकी इस मांग पर जदयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि महागठबंधन में बिमार पड़े लालू तय करेंगे क्या सीट? उन्होंने कहा कि मांझी बिहार की राजनीति का बड़ा चेहरा है। वो पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। लेकिन लालू के चरणों में गिरकर उन्होंने खुद की प्रतिष्ठा खत्म कर दी। अब पांच सीटें भीख की तरह मांग रहे हैं। वो ये नहीं जानते कि राजद के लोग अपना पेट भरना जानते हैं।
भाजपा ने कहा-सिर फुटौव्वल तय है
भाजपा नेता और बिहार सरकार में मंत्री विनोद सिंह ने महागठबंधन में सीटों को लेकर मचे घमासान पर कहा है कि यह तो कुछ नहीं है। ये लाठी-डंडे वाले लोग हैं और आने वाले दिनों में महागठबंधन में सिर फुटव्वल तय है। महागठबंधन ऐसे नेताओं का जमघट है जो अपने फायदे के लिए किसी का सिर भी फोड़ सकते हैं।