पटना में नौसिखियों ने की 14 करोड़ की डकैती, इस वीडियो को देख सोच में पड़ी पुलिस
बिहार की सबसे बड़ी डकैती को नौसिखियों ने अंजाम दिया था। एसएस ज्वेलर्स के अंदर लगे सीसी कैमरों के 13 मिनट 56 सेकेंड का फुटेज देखने के बाद पटना पुलिस ने अनुमान लगाया था। डकैत दुकान में घुसते ही एक-दूसरे से टकराने लगे।
जागरण संवाददाता, पटना: बिहार की सबसे बड़ी डकैती को नौसिखियों ने अंजाम दिया था। एसएस ज्वेलर्स के अंदर लगे सीसी कैमरों के 13 मिनट 56 सेकेंड का फुटेज देखने के बाद पटना पुलिस ने अनुमान लगाया था। डकैत दुकान में घुसते ही एक-दूसरे से टकराने लगे। उन्होंने आपाधापी में ज्यादा समय लगा दिया। जेवरात समेटकर बैग में रखने में आठ मिनट लगे। अमूमन इतनी भीड़ वाली जगह पर पेशेवर अपराधी इतना वक्त नहीं लेते।
बिहार की सबसे बड़ी डकैती शुक्रवार को पटना में हुई थी। 14 करोड़ के आभूषण ले जाने वालों की हरकत कैमरे में देखकर अब पुलिस में हैरान है।#BiharNews #Patnarobbery pic.twitter.com/1z4IJ07laJ
— Akshay Pandey (@akshay019) January 23, 2022
गोली की आवाज सुन दौड़ पड़े लोग
विशेष टीम के एक अधिकारी के मुताबिक, फुटेज के अवलोकन से जानकारी मिली कि अंदर गए एक अपराधी के हाथ में रिवाल्वर था। वह हथियार लेकर इधर-उधर देख रहा था। तभी एक डकैत ने जेवरात भरने के बाद बैग उसकी ओर फेंका। बैग पकडऩे के लिए उसने दोनों हाथ लगाए। इस दौरान उसके हाथ से रिवाल्वर छूटने लगा और उसे संभालने के चक्कर में गोली चल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर उस बिल्डिंग में संचालित दूसरी दुकानों के कारोबारी और स्टाफ दौड़ पड़े।
नाम के अलावा और कुछ नहीं जानता साधु
साधु से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की, लेकिन गिरोह के मास्टरमाइंड और सदस्यों के बारे में अधिक जानकारी नहीं दे पाया। वह एक ही रट लगा रहा था कि रवि ने डकैती की साजिश रची थी। इसके अलावा वह सरगना के बारे में कुछ और नहीं जानता। यहां तक कि उसके साथ डाका डालने आए साथियों के नाम से ज्यादा उसे कोई जानकारी नहीं है। उनके नाम सही हैं भी या नहीं, ये भी उसे नहीं पता। वह दो महीने पहले रवि के संपर्क में आया था। बड़ा काम करना है, यह कहकर उसे जहानाबाद से बुलाया गया था। उसने उतना ही किया, जितना रवि ने करने को कहा था।