बोले नीतीश: उप चुनाव में कम सीट मिलने पर आगे के चुनाव में हम जीतते रहे हैं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उप चुनाव के बाद हम हमेशा यह कहते रहे हैं कि जब उप चुनाव में हमें कम सीटें मिलती हैं तो आगे के चुनाव में हम जीतते रहे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। उप चुनाव में बिहार में एनडीए की शिकस्त पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उप चुनाव के बाद हम हमेशा यह कहते रहे हैं कि जब उप चुनाव में हमें कम सीटें मिलती हैं तो आगे के चुनाव में हम जीतते रहे हैं। देर शाम सचिवालय में आयोजित एक बैठक से लौटने के क्रम में उप चुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने यह बात कही। अपनी प्रतिक्रिया के साथ मुख्यमंत्री ने यह भी जोड़ा कि लोकतंत्र में जनता मालिक है और उसका फैसला स्वीकार्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान यह रिकार्ड रहा है कि जब भी उप चुनाव में उनका गठबंधन इस तरह से हारता है तो अगले चुनाव में हम अधिक सीटें जीतते हैं। मालूम हो कि वर्ष 2009 के उप चुनाव में 18 सीटों पर आम चुनाव हुए थे और उनमें 12 सीटों पर एनडीए को हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद 2010 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-जदयू गठबंधन को तीन चौथाई सीटें हासिल हुई थीं।