जननायक की पुण्यतिथि: कर्पूरी ठाकुर को सीएम नीतीश ने किया याद
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर को याद किया तथा श्रद्धांजलि दी। पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पटना [जेएनएन]। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर को याद किया तथा श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। जननायक कर्पूरी ठाकुर स्मृति संग्रहालय में आयोजित समारोह में उन्होंने उनकी प्रतिमा पर फूल माल्यार्पण किया। मौके पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, कला, संस्कृति एवं युवा कार्य मंत्री कृष्ण कुमार ऋषि सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। राज्य सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित पुण्यतिथि समारोह में सर्वधर्म प्रार्थना भी हुई।
इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व डिप्टी सीएम सुशील मोदी बरौनी के लिए निकल गए। बेगूसराय के बरौनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में दोनों दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। प्रधानमंत्री मोदी ने बरौनी से ही लगभग 33 हजार करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इसके बाद सीएम नीतीश ने पूर्णिया में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। वहां उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन किया, साथ पौधारोपण भी किया।