अमित शाह के लिए नीतीश-तेजस्वी ने की प्रार्थना, बिहार बीजेपी नेता बोले-जल्द स्वस्थ हो करेंगे जनसेवा
गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना पॉजिटिव होने पर बिहार के सियासी गलियारों से उनके स्वस्थ होने की कामना शुरू हो गई है। सीएम के साथ नेपा प्रतीपक्ष ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
पटना, जेएनएन। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार को जहां उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमलरानी वरुण का राजधानी लखनऊ में निधन हो गया तो यूपी भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस बीच गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार की शाम ट्वीट कर जानकारी दी कि वे भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सूचना मिलते ही बिहार के सियासी गलियारों की ओर से शाह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
अमित शाह के जल्द स्वस्थ होने की कामना
अमित शाह के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर पर लिखा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह के बेहतर स्वास्थ्य एवं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के लाल व नेता प्रतीपक्ष तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर गृहमंत्री अमित अमित शाह के स्वास्थ्य पर चिंता जाहिर की। तेजस्वी यादव ने ट्विटर पर लिखा कि मैं भगवान से आपके (अमित शाह) शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। वहीं बिहार की उजियारपुर लोकसभा सीट से सांसद व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानन्द राय ने भी अमित शाह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने गृहमंत्री अमित शाह के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलने के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
हर मोर्चे पर दिनरात जुटे रहे अमित शाह
नित्यानंद राय ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि कोरोना संकट के दौरान इससे निपटने के लिए हर मोर्चे पर जनसेवा में दिनरात जुटे रहे गृहमंत्री अमित शाह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनकी तबीयत पूरी तरह ठीक है, किंतु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में एडमिट हुए हैं। भूपेंद्र यादव ने अपने ट्वीट में कहा कि अमित शाह जल्द ही स्वस्थ होकर देश सेवा के कार्य को आगे बढ़ाएंगे, ऐसी उनकी कामना है।