जल-जीवन-हरियाली के प्रति जागरुक होगा बिहार, सीएम नीतीश ने रवाना किए नौ रथ
जल-जीवन-हरियाली के प्रति लोगों को जगाएगी नीतीश सरकार। सीएम नीतीश ने शनिवार को बिहार के जिलों नौ प्रचार वाहनों को रवाना किए। हर प्रखंड में जाएंगे ये वाहन। पढ़ें क्या है योजना।
पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान को ले नौ रथों (प्रचार वाहनों) को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद कक्ष के मुख्यद्वार से रवाना किया। आडियो- वीडियो से युक्त इन वाहनों को लघु जल संसाधन विभाग ने तैयार कराया है। इनके माध्यम से लोगों को जल संचयन व जल संरक्षण के बारे में बताया जाएगा। रथ की रवानगी के मौके पर मुख्य सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त सुभाष शर्मा और लघु जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव के के पाठक भी मौजूद थे।
विकास आयुक्त ने बताया कि ये प्रचार रथ अगले एक महीने तक सूबे के विभिन्न हिस्सों में जाएंगे। लोगों को जल-जीवन-हरियाली अभियान के विभिन्न अवयवों से अवगत कराया जाएगा। औसतन सूबे के प्रत्येक प्रखंड के कम से कम तीन गांवों में यह प्रचार रथ जाएगा। इन प्रचार वाहनों में एलईडी स्क्रीन लगे हैैं । इस स्क्रीन के माध्यम से लोगों को अभियान पर केंद्रित दस मिनट की डाक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। रेडियो जिंगल व बैनर के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किए जाने का कार्यक्रम चलेगा।
इस अभियान के तहत बिहार भूजल विकास मिशन व लघु जल संसाधन विभाग द्वारा वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण प्रणाली, सोख्ता निर्माण व आहर-पईन आदि के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। लघु जल संसाधन विभाग ने अभी तक 912 करोड़ रुपए की लागत से 832 आहर-पईन, तालाब एवं चेक डैम का जीर्णोद्धार कराया है। जल-जीवन-हरियाली अभियान योजना के तहत विभाग द्वारा चिन्हित आहर-पईन, तालाब एवं चेक डैम का पुनरुद्धार किया जाएगा।