अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ रात्रि भोज को नीतीश को मिला न्यौता, लेकिन नहीं जाएंगे... जानें कारण
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में भोजन का आयोजन किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए सीएम नीतीश को भी न्यौता आया है लेकिन वे शामिल नहीं हो सकेंगे।
पटना, राज्य ब्यूरो। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में भोजन का आयोजन किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए बिहार के सीएम नीतीश कुमार को भी न्यौता आया है। लेकिन ट्रंप के सम्मान में होने वाले रात्रि भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं शामिल हो पाएंगे। बजट सत्र में व्यस्तता की वजह से मुख्यमंत्री का रात्रि भोज में शामिल होना संभव नहीं हो पा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार देश के कुछ राज्यों के मुख्यमंत्रियों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले रात्रि भोज में शामिल होने को आमंत्रित किया गया था। इसे लेकर बिहार के मुख्यमंत्री को भी आमंत्रण था। यह आयोजन 25 फरवरी को तय है, जबकि उसी दिन विधानसभा में बिहार का बजट पेश होना है। बजट में मुख्यमंत्री की उपस्थिति अनिवार्य है, इसलिए वह दिल्ली नहीं जा सकेंगे।
गौरतलब है कि 24 फरवरी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत आ रहे हैं। उनके सम्मान में 25 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज का आयोजन किया गया है। वहीं, 24 फरवरी से ही बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है। इसके साथ ही सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को बिहार का बजट पेश किया जाएगा। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनेर भी आ रहे हैं। वे गुजरात भी जाएंगे। इसे लेकर गुजरात को पूरी तरह सजाया जा रहा है।