RIP Irrfan: इरफान के निधन पर नीतीश दुखी, लालू ने ट्वीट कर सेल्फी वाला फोटो किया टैग
बॉलीवुड के फेमस कलाकार इरफान खान के निधन से फिल्मी जगत ही नहीं बिहार का राजनीतिक गलियारा भी दुखी है। नीतीश कुमार व लालू यादव ने भी शोक प्रकट किया है।
पटना, जेएनएन। बॉलीवुड के फेमस कलाकार इरफान खान के निधन से फिल्मी जगत ही नहीं, बिहार का राजनीतिक गलियारा भी दुखी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने शोक जताया है। लालू ने तो अपने ट्वीट में इरफान के साथ ली गई सेल्फी को भी टैग किया है। इनके अलावा जदयू, राजद, भाजपा, कांग्रेस समेेत अन्य पार्टियों के नेताओं ने दुख प्रकट किया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा है कि प्रख्यात फिल्म अभिनेता इरफान खान के असामयिक निधन पर गहरा शोक एवं दुख है। उनके निधन से फिल्म जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि इरफान खान एक उत्कृष्ट एवं बहुमुखी प्रतिभा के धनी अभिनेता थे। भारतीय फिल्म जगत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार ने सम्मानित किया था। अपने अभिनय से वे फिल्म प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय थे। मुख्यमंत्री ने इरफान खान की आत्मा की चिरशांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
Saddening to hear about the demise of one of the most versatile actors of Indian Cinema, Irrfan Khan!
Met with Irrfan when he came calling at Patna residence! A multi faceted man, a great human being! My sincere condolences to his family, friends & fans. #RIPIrrfanKhan pic.twitter.com/9pvNW7CmqS — Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) April 29, 2020
उधर, रांची में रिम्स में एडमिट राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने ट्वीट में कहा है कि भारतीय सिनेमा के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। इरफान उनके पटना आवास पर फोन करके आया था। लालू ने लिखा है कि इरफान एक बहुआयामी इंसान, एक महान इंसान थे। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी सच्ची संवेदना है। इतना ही नहीं, लालू ने अपने ट्वीट में इरफान के साथ लिये गये फोटो को भी टैग किया है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने भी शोक प्रकट करते हुए कहा है कि जाने माने फ़िल्म अभिनेता इरफान खान का निधन कला एवं संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से देश का एक उभरता हुआ फिल्मी सितारा हम सब से बिछड़ गया है। इरफान खान ने बहुत ही कम उम्र में अपनी पहचान बॉलीवुड में बना ली थी। उनका अभिनय दिल की गहराई को छूता था औऱ मानव पटल पर असर छोड़ता था। उन्हें फ़िल्म इंग्लिश मीडियम में उतकृष्ट अभिनय के लिए पद्मश्री से नवाजा गया था।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने भी विनम्र श्रद्धांजलि दी है। कौकब कादरी ने कहा कि एक्टर इरफ़ान खान का आकस्मिक निधन स्तब्ध कर गया। बहुमुखी प्रतिभा के धनी, मंजे हुए कलाकार जिनके अभिनय की धमक बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक रही, ऐसे कलाकार के आकस्मिक निधन से बॉलीवुड, हॉलीवुड समेत संपूर्ण कला जगत के साथ-साथ अपने देश को भी अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। वहीं, राजद के पूर्व सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने भी शोक प्रकट किया है।