नीतीश ने दी सलाह: नदी तंत्र से स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स जोन तक पर हो काम
आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी के नये भवन का आज सीएम नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी को कई सलाह भी दी। नदी तंत्र पर काम करने काे कहा। स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स जोन पद दिया जोर।
पटना [जेएनएन]। बिहार में नदी तंत्र से लेकर स्कूल आॅफ इकोनॉमिक्स जोन तक पर काम करने की जरूरत है। इसके लिए आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी को सार्थक पहल करनी होगी। यह सलाह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कमार ने आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी को दी। उन्होंने गुरुवार को यूनिवर्सिटी के नये भवन का उद्घाटन किया। मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत अनेक लोग मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लिए गर्व की बात है कि यहां की धरती पर विश्व के महान ज्योतिषविद् व गणितज्ञ आर्यभट्ट ने काम किया। उन्होंने बिहार के रिवर सिस्टम पर काम किया था। इस काम पर फिर से काम करने की जरूरत है। उन्होंने यूनिवर्सिटी को सात विषयों पर काम करने की सलाह दी। इसी में नदी तंत्र (रिवर सिस्टम) भी शामिल था।
उन्होंने कहा कि भूगोल के क्षेत्र में विश्वविद्यालय में काम हो रहा है। लेकिन इसे और भी चीजों में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नदी तंत्र के बारे में और काम होना बाकी है। इस पर गणितज्ञ आर्यभट्ट काफी काम कर चुके हैं। उन कामों की मदद से रिवर सिस्टम का लाभ उठाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि एस्ट्रोनॉमी और फिलॉसफी केंद्र के रूप में भी यहां काम होना चाहिए। साथ ही यहां स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जोन बनाए जाने की जरूरत है। इस पर भी आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी को आगे आने की जरूरत है। पत्रकारिता की भी पढ़ाई यहां होना चाहिए। इससे इस क्षेत्र में आनेवाले युवाओं को फायदा मिलेगा। इस क्षेत्र में भी वे अपना कॅरियर बना सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के इस नए भवन के उद्घाटन से मुझे व्यक्तिगत तौर भी काफी खुशी है। उन्होंने कहा कि इस यूनिवर्सिटी से सभी मेडिकल और इंजीनियर कॉलेज संबद्ध हैं और इस संस्थान का मुख्य उद्देश्य ज्ञान अर्जित करना है। उन्होंने कहा कि आर्यभट्ट एक विशेष विश्वविद्यालय है। इसकी अपनी गरिमा है। इस गरिमा को और अधिक बढ़ाने के लिए यूनिवर्सिटी को जो भी जरूरत होगी, सरकार मदद करेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए सातवां वेतन आयोग लागू है। वहीं संस्थानों में कर्मचारियों का चयन एसएससी करेगा। यह खुशी की बात है कि यहां शोध पर बड़े काम हो रहे हैं। नैनो टेक्नोलॉजी का काम बखूबी चल रहा है।
उधर उद्घाटन के इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र पर काफी ध्यान दे रही है। उन्होंने शिक्षा की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बिहार में सबसे अधिक सरकार शिक्षा पर ही खर्च कर रही है। शिक्षा पर 34 हजार 800 करोड़ खर्च किए जाएंगे। वहीं 5253 करोड़ हायर एजुकेशन पर खर्च होंगे।
उन्होंने कहा कि पहले यह इलाका जल-जमाव से आच्छादित था। आज चाणक्या लॉ यूनिवर्सिटी, निफ्ट, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, आर्यभट्ट ज्ञान विवि जैसे देश स्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की वजह से एजुकेशन हब बन चुका है। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी के नए भवन के अलावा अन्य 401 शैक्षणिक भवनों का उद्घाटन किया। इसमें उत्क्रमित, उच्चतर, बालिका छात्रावास समेत अन्य योजनाओं के भवन शामिल हैं।