ससुराल आईं तेजस्वी की दुल्हनियां बन गईं पूरी बिहारी, ऐसे निभाई रस्में कि मुस्कुरा उठीं सास राबड़ी देवी
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजश्री (रचेल) का पटना आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। बिहारी परंपरा के अनुरूप माता राबड़ी देवी ने बेटे और बहू की अगवानी की। ससुराल में मंगल गीतों के बीच रस्मअदायगी की गई।

पटना, आनलाइन डेस्क। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राजश्री (रचेल) (Tejashwi Yadav and Rajshri) का पटना आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। बिहारी परंपरा के अनुरूप माता राबड़ी देवी (Ex CM Rabri Devi) ने बेटे और बहू की अगवानी की। ससुराल में मंगल गीतों के बीच रस्म अदायगी की गई। हाथों में मेहंदी लगाए राजश्री इन सब परंपराओं को मुस्कुराते हुए निभाती गईं। काफी सस्पेंस से भरी इस शादी को लेकर तेजस्वी ने एक-एक कर सारे पर्दे हटाए। यह भी बताया कि क्यों इतनी जल्दी में शादी की गई और क्यों मेहमानों को आमंत्रित नहीं किया गया।
बहू का परंपरा के साथ किया गया स्वागत
पटना एयरपोर्ट से जैसे ही तेजस्वी और राजश्री सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे, वहां आरती उतारकर, मांग में सिंदूर लगाकर बहू को उतारा गया। स्वयं राबड़ी देवी ने हाथ में थाली लेकर रस्म-रिवाज निभाया। इसके बाद बहू का गृह प्रवेश हुआ। इन सबके बीच राजश्री पूरी तरह एक आम भारतीय नारी की तरह नजर आ रही थीं। तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने इनसबकी खूबसूरत तस्वीरें अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। इसमें एक जगह तेजस्वी को उनकी पत्नी खीर-पूड़ी खिलाती दिख रही हैं। परंपरा के अनुसार नई दुल्हन आने पर ससुराल में दाल भरी पूड़ी और खीर बनाई जाती है। बताया जाता है कि ससुराल आते ही राजश्री किचेन में भी गईं। इसके अलावा तेजस्वी ने भी उन्हें घर में चारों ओर ले जाकर सबकुछ दिखाया। रोहिणी ने ट्विटर पर कई तस्वीरें डाली हैं। लिखा है कि यह नई रिश्तों की डोर है। खुशियों की भोर है। यह जिम्मेदारी और नए अहसास का सफर है। यह समय है एक बेटी के कदमों को घर में पूजने का।
(राजश्री की मांग में सिंदूर लगातीं राबड़ी देवी।)
(राबड़ी देवी के साथ प्रसन्न मुद्रा में तेजस्वी व राजश्री।)
गौरतलब है कि तेजस्वी की शादी को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता थी। लड़की कौन है, यह जानने को लोग बेचैन थे। इस बीच एक तस्वीर वायरल हुई जो आइपीएल के टाइम की थी। बताया गया कि यही वो लड़की है। लेकिन तेजस्वी ने बताया कि उनकी पत्नी वह लड़की नहीं है। मालूम हो कि शादी को लेकर मामा साधु यादव काफी नाराज चल रहे हैं।
Edited By Vyas Chandra