Move to Jagran APP

सुशांत सिंह मामले में नया मोड़, पिता ने गर्लफ्रेंड रिया पर आत्महत्या के लिए उकसाने का दर्ज कराया केस

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या मामले में पटना के राजीव नगर थाने में पिता ने गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करा दिया है।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Tue, 28 Jul 2020 05:39 PM (IST)Updated: Wed, 29 Jul 2020 08:24 PM (IST)
सुशांत सिंह मामले में नया मोड़, पिता ने गर्लफ्रेंड रिया पर आत्महत्या के लिए उकसाने का दर्ज कराया केस

पटना, जेएनएन। फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के सुसाइड मामले में नया मोड़ आ गया है। मुंबई पुलिस की जांच से नाखुश सुशांत के पिता केके सिंह ने राजधानी पटना के राजीव नगर थाने में सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप सुशांत की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और दो अन्य पर लगाया गया है। पुलिस ने रिया के खिलाफ आइपीसी की धारा 341, 342, 380, 406, 420, 306, 506 और 120 बी के तहत एफआइआर (नंबर 241/20) दर्ज की है।

loksabha election banner

पटना सेंट्रल रेंज के आइजी संजय सिंह ने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत राजीव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जो भी आरोप हैं उन सभी बिंदुओं पर जांच के लिए टीम मुंबई भेजी गई है। वहीं एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। राजीव नगर के थानेदार निशांत केस के अनुसंधानकर्ता हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद निशांत सहित चार सदस्यीय टीम को मुंबई भेजा गया है। टीम वहां पहुंच गई है और वहां की पुलिस से संपर्क किया है। 

रिया से पूछताछ करेगी पटना पुलिस 

पटना पुलिस ने मंगलवार को मुंबई पहुंचने के बाद वहां के एक बड़े अधिकारी से संपर्क किया है। काफी देर बातचीत के बाद सुशांत की केस डायरी की कॉपी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। पुलिस के अनुसार रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि रिया ने सुशांत को अपने परिवार से अलग कर रखा था। अभिनेता के बैंक अकाउंट को भी वही मैनेज करती थी। रिया पर सुशांत के रुपयों के गबन का भी आरोप लगाया गया है। पटना पुलिस रिया चक्रवर्ती और दो अन्य लोगों से पूछताछ के अलावा जो भी आरोप लगाए गए हैं, उन सभी बिंदुओं पर छानबीन करेगी। सुशांत के बैंक अकाउंट से लेकर बिजनेस से जुड़े पहलुओं को भी खंगालना शुरू कर दिया है।

राजीव नगर के थानेदार हैं आइओ 

मुंबई भेजी गई टीम में राजीव नगर के थानेदार निशांत सिंह को केस का आइओ (इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर) बनाया गया है। उनके साथ इंस्पेक्टर मो. कैसर आलम, मनोरंजन भारती और एक अन्य इंस्पेक्टर टीम में हैं। मुंबई पुलिस ने अब तक जिनसे पूछताछ की है, पटना पुलिस उनके बारे में भी जानकारी जुटा रही है। गौरतलब हो कि पटना के राजीव नगर निवासी सुशांत सिंह राजपूत ने इसी साल 14 जून को मुंबई में आत्महत्या कर ली थी। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.