बिहार में जनप्रतिनिधि के पति की हत्या, वैशाली में उपमुखिया पति को रास्ते में घेरकर बदमाशों ने मारी गोली
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक वहां के उपमुखिया के पति थे। हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने महुआ-हाजीपुर मार्ग को जाम कर दिया।
महुआ (वैशाली), संवाद सहयोगी। महुआ-हाजीपुर सड़क के सुंदर नगर के निकट शुक्रवार रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने कनहौली धनराज पंचायत के उप मुखिया के पति सह किराना व्यवसाई 32 वर्षीय जितेंद्र साह की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए लोगों ने घटनास्थल के समीप सड़क जाम कर दिया। इस कारण दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। करीब सात घंटे तक लोगों ने सड़क जाम रखा। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। इस मामले में तीन अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सीने में सटाकर मार दी गोली
जानकारी के अनुसार कन्हौली धनराज पंचायत की उप मुखिया प्रियंका देवी के पति जितेंद्र शाह की किराना दुकान रानी पोखर में है। हर दिन ही की तरह शुक्रवार को भी वे दुकान पर गए थे। करीब 10 बजे रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में सुंदर नगर के निकट घात लगाए एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोका। सीने में सटाकर गोली मार दी। दो गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद अपराधी फरार हो गए। इस बीच गोली की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सड़क पर जितेंद्र साह को खून से लथपथ पड़ा देखा तो उठाकर अस्पताल ले गए। वहां डाक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सात घंटे तक लोगों ने रखा सड़क जाम
घटना की खबर से सनसनी फैल गई। गुस्साए लोगों ने शनिवार सुबह से ही सड़क को पानापुर स्कूल के निकट जाम कर दिया। वे अविलंब अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े थे। जाम के कारण दोनों ओर गाड़ियों की कतार लग गई। पुलिस-प्रशासन के अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर मौजूद थे। मामले में जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी का आश्वासन पुलिस ने दिया। काफी समझाने पर लोग शांत हुए। इसके बाद करीब एक बजे दिन में जाम हटाया जा सका। घटना के कारणों पर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। कोई पुरानी रंजिश तो कोई कुछ और बता रहा है। फिलहाल तीन अज्ञात पर एफआइआर कर पुलिस जांच में जुट गई है।