हादसों की सुबह: डॉक्टर को चाकू मार डकैती, दो की हत्या; दुर्घटनाओं में चार मरे
बिहार में सोमवार को हादसों की सुबह हुई। दुर्घटनाओं में चार युवक मारे गए। एक शिक्षक की हत्या कर दी गई। एक डॉक्टर को चाकू मार डकैती की वारदात को भी अंजाम दिया गया।
पटना [जागरण टीम]। बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। कैमूर व पटना में सड़क दुर्घटनाओं में बाइक सवार दो भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, नवादा में छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई तो मुजफ्फरपुर में एक डॉक्टर को चाकू मार उनके घर पर भीषण डकैती की घटना हुई।
चिकित्सक के घर पर भीषण डाका
मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक के समीप स्थित हेल्प हाॅस्पीटल के मालिक डॉ. रंधीर कुमार के घर रविवार की देर रात भीषण डकैती हुई। एक दर्जन से अधिक डकैतों ने दो घंटे तक जमकर लूटपाट की। विरोध करने पर चिकित्सक दंपती को बुरी तरह पीटा तथा डॉक्टर को चाकू मार दिया। घटना में डॉ. रंधीर बुरी तरह जख्मी हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डकैतों ने लाखों के जेवरात, नकदी, लाइसेंसी पिस्टल आदि लूट लिए। जाते समय एक चार गाड़ी भी लेते गए।
चाकू लगने से डॉ. रंधीर की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वे आइएमए के पूर्व सचिव भी थे। इस घटना के बाद चिकित्सकों में आक्रोश है।
शिक्षक की गोली मारकर हत्या
भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र के जगदीशपुर पाठक गांव में एक प्राइवेट शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच छानबीन में जुट गई है।
बालक की मौत के विरोध में सड़क जाम
पटना के फतुहा स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में छह वर्षीय बालक अभिमन्यु की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल संचालक पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। स्कूली छात्र की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
छात्र के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इस घटना के संबंध में छात्रावास के वार्डेन सहित दो को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत
कैमूर के मोहनियां थाना स्थित केकढ़ा गांव के पास सड़क के किनारे खड़े एक ट्रैक्टर में पीछे से एक बाइक टकरा गई। दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतक रामाकांत पासवान व उपेंद्र पासवान बताए जाते हैं। दोनों मौसेरे भाई थे।
पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र के कसवा गांव के निकट फोरलेन सड़क पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। दुर्घटना सोमवार की सुबह हुई।
छत से गिरकर युवक की मौत
उधर, नवादा के कौआकोल थाना क्षेत्र के तरौन गांव में रविवार की देर रात्रि छत से गिर जाने के कारण रामभज्जु यादव के 30 वर्षीय पुत्र वीरेन्द्र कुमार की दर्दनाक मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था। वह रविवार की रात्रि छत पर सोया था कि अचानक नीचे गिर गया। परिजनों की नजर उसपर सोमवार की सुबह पड़ी।