बिहार में सुस्त पड़ा मानसून, गर्मी और उमस से लोग परेशान, किसान उदास
प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में 15 जुलाई तक बारिश की संभावना नहीं बन रही है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 15 तक राजधानीवासियों को उमस भरी गर्मी झेलनी पड़ेगी।
पटना [जेएनएन]। बिहार में मानसून सुस्त पड़ गया है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिसंख्य हिस्सों में 15 जुलाई तक बारिश की संभावना नहीं बन रही है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 जुलाई को उत्तर-पूर्व बिहार में तेज हवा और गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। फिलहाल 15 तक राजधानीवासियों को उमस भरी गर्मी को झेलना पड़ेगा।
बुधवार को पटना में बादलों की लुकाछिपी चलती रही। अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। बुधवार को उत्तर बिहार के कुछ जगहों पर मामूली वर्षा हुई है। समस्तीपुर में 7 एमएम, मधुबनी में 4 एमएम और सुपौल में 4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।
राज्य के शेष हिस्से में सूखे जैसे स्थिति बनी रही। 13 से 15 जुलाई तक प्रदेश में आकाश साफ रहेगा और तेज धूप के कारण उमस भरी गर्मी सताएगी। 16 और 17 जुलाई को राज्य के कुछ हिस्से में गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना है।