पार्टी ने किया निष्कासित तो मोनाजिर ने BJP को कहा 'रामलीला पार्टी'
राबड़ी देवी और नीतीश कुमार की सरकारों में मंत्री रहे पूर्व सांसद मोनाजिर हसन को भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। उधर, इसपर अपनी प्रतिक्रिया में मोनाजिर ने भाजपा को राजनीतिक दल नहीं 'रामलीला पार्टी' करार दिया।
पटना। राबड़ी देवी और नीतीश कुमार की सरकारों में मंत्री रहे पूर्व सांसद मोनाजिर हसन को भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। उधर, इसपर अपनी प्रतिक्रिया में मोनाजिर ने भाजपा को राजनीतिक दल नहीं 'रामलीला पार्टी' करार दिया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय द्वारा मोनाजिर को निष्कासित करने की जानकारी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता संजय मयूख ने दी। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई दल विरोधी गतिविधियों के कारण की गई।
मोनाजिर सूबे के बड़े मुस्लिम नेताओं में गिने जाते हैं। वे मुंगेर विधानसभा क्षेत्र ने चार बार विधायक व बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं। सन् 2009 में वे जदयू के टिकट पर बेगूसराय से सांसद निर्वाचित हुए, लेकिन 2014 में उन्होंने जदयू छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।
इधर, मोनाजिर हसन ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वे काफी दिनों से भाजपा में घुटन महसूस कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा राजनैतिक दल नहीं, रामलीला पार्टी है। उन्होंने पार्टी में शामिल होने की गलती स्वीकार करते हुए इसके लिए बिहार की जनता से माफी मांगी।
भाजपा से निष्कासित होने के बाद उनका अगला पड़ाव क्या होगा, यह पूछे जाने पर हसन ने कहा कि साथी कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे।