पटना से अगवा नाबालिग ने पुलिस को बताई आपबीती, कहा, वो बारी-बारी से...
एक महीने पहले कार से अगवा की गई नाबालिग ने जब लोगों को शोहदों की दरिंदगी की दास्तां सुनाई तो रूह कांप गई।
पटना, जेएनएन। राजधानी से एक महीने पहले कार से अगवा की गई नाबालिग ने जब शोहदों की दास्तां बताई तो रूह कांप गई। उसे पुलिस ने गांधी मैदान से शनिवार को बरामद कर लिया है। अगवा करने वाले दोनों आरोपितों आफताब और रवि को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों नाबालिग को अगवा कर दिल्ली ले गए थे।
दिल्ली में बनाकर रखा था बंधक
आरोपित ने नाबालिग को दिल्ली में एक महीने कमरे में बंधक बनाकर रखा और बारी-बारी दुष्कर्म किया। किसी तरह लड़की उनके चंगुल से छूटी और भागकर पटना पहुंची। उसके पीछे आरोपित भी पटना पहुंच गए। इसी बीच पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। युवती की मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में बयान दर्ज कराया है।
चंगुल से छूट लड़की ने परिजनों को किया फोन
नाबालिग के अचानक लापता होने के बाद परिजन दो दिनों तक खोजबीन करते रहे। तब पता चला कि उसे कार में सवार दो युवक उठा ले गए। परिजनों ने इस संबंध में हवाई अड्डा थाने में नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने कहने के लिए खोजबीन शुरू की, लेकिन एक सप्ताह बाद खोजबीन बंद हो गई। एक माह के बाद अचानक लड़की के परिजन थाने पहुंचे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी ने फोन कर बताया कि उसका अपहरण कर दो युवक दिल्ली लेकर चले गए थे। जहां उसके साथ दोनों युवक एक महीने तक दुष्कर्म करते रहे। किसी तरह वह उनके चंगुल से छूटकर पटना आने के लिए ट्रेन पकड़ चुकी है। पुलिस और परिजन ट्रेन आने के समय पटना जंक्शन पर पहुंच गए, लेकिन लड़की नहीं मिली।
युवती के साथ ट्रेन में सवार हो गए दोनों युवक
नाबालिग के मुताबिक, दोनों युवकों के चंगुल से निकलकर वह भागी और दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंची। उसके पीछे दोनों लड़के भी थे। पटना के लिए जिस ट्रेन में युवती सवार हुई वह दोनों भी उसी बोगी में सवार हो गए। उसके साथ ही आरोपित भी पटना आने लगे। पटना जंक्शन पर उतरने के बाद दोनों युवक लड़की को डरा-धमकाकर गांधी मैदान लेकर चले गए। उधर पुलिस पटना जंक्शन के सीसीटीवी फुटेज को खंगालते हुए व स्टेशन के बाहर लगे अन्य कैमरों के फुटेज देखते हुए गांधी मैदान पहुंच गई। हवाईअड्डा थाने की पुलिस ने गांधी मैदान थाना पुलिस को सूचना दी। एएसआइ अरुण कुमार सिंह गांधी मैदान पहुंचे और लड़की को मुक्त करा लिया।