प्रियंका गांधी की कोर टीम में शामिल हुए बिहार के मिन्नत रहमानी, यूपी के लिए करेंगे काम
बिहार कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मिन्नत रहमानी को बड़ी जिम्मेवारी मिली है। वे अब यूपी के लिए काम करेंगे। उन्हें प्रियंका गांधी की कोर टीम में शामिल किया गया।
पटना, जेएनएन। बिहार कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष व युवा नेता मिन्नत रहमानी को राष्ट्रीय कांग्रेस मुख्यालय ने बड़ी जिम्मेवारी दी है। वे अब उत्तर प्रदेश के लिए काम करेंगे। रहमानी को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की कोर टीम में शामिल किया गया है। रहमानी के प्रियंका गांधी की टीम में शामिल करने पर कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। वहीं, रहमानी ने कहा, मैं हर जिम्मेवारी निभाने को तैयार हूं तथा चाहूंगा कि पार्टी की कसौटी पर पूरी तरह खरा उतरूं।
बिहार कांग्रेस के जुझारू नेता मिन्नत रहमानी को प्रियंका गांधी की कोर टीम में शामिल करने के लिए कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। चयन प्रक्रिया तीन राउंड चली, इसके बाद उनके नाम पर सहमति बनी। यह कोर टीम उत्तर प्रदेश के लिए बनी है। प्रिंयका गांधी की कोर टीम में दलित, अल्पसंख्यक एवं किसान के मुद्दे पर काम कर रहे चुनिंदा युवा नेताओं को शामिल किया गया है। बताया जाता है कि टीम में बिहार से केवल मिन्नत रहमानी का चयन हुआ है। टीम में बिहार के अलावा अन्य राज्यों के युवाओं का भी चयन किया गया है।
अपने चयन पर काफी खुश मिन्नत रहमानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव में अभी दो साल बाकी हैं, लेकिन प्रियंका गांधी अभी से इसे लेकर कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती। उन्होंने कहा कि मैं प्रियंका गांधी की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। बता दें कि सुपौल निवास मिन्नत रहमानी दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नेता भी रहे हैं तथा स्टूडेंट्स के हित में हमेशा खड़ा रहते थे। इसके अलावा वे बिहार में अल्पसंख्यकों के हित में लगातार काम कर रहे हैं। इधर, रहमानी के चयन पर बिहार के कई कांग्रेसी नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।