पटना में दहेज के लिए दो साल से प्रताड़ित की जा रही थी विवाहिता, तंग आकर लगा ली फांसी Patna News
मनेर के देवी स्थान की रहने वाली विवाहित ने शुक्रवार की देर रात दहेज प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगा ली। मामले में मायके वालों ने ससुराल पक्ष के चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पटना, जेएनएन। बिहार में दहेज की वजह से होने वाली हत्या के मामले कम नहीं हो रहे। शुक्रवार की रात मनेर में दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत के बाद ससुराल वालों ने घटना की सूचना मायके वालों को दी। जिसपर मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाकर मनेर थाना में मृतका के पति, सास, ससुर और देवर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार मनेर के देवी स्थान की रहने वाली रिंकी देवी की शादी दुल्हिन बाजार निवासी रामबाबू सिन्हा के पुत्र राम निवास यादव से हुई थी। चार साल पहले हुई शादी से दोनों की दो संताने हैं। मनेर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में मृतका के परिजनों ने कहा है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी। पति के साथ सास, ससुर और देवर रिंकी को प्रताड़ित करते थे।
दहेज में दो लाख रुपये और बाइक देने के लिए काफी दिन से दबाव बनाया जा रहा था। इसको लेकर आए दिन घर में कलह होती थी। रोज-रोज हो रहे वाकये से तंग आकर शुक्रवार की देर रात रिंकी देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके वालों को सूचना देकर मृतका के ससुराल वाले फरार हो गए हैं। मनेर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।