शादी के बाद भी नहीं भूल पाई पहले वाला प्यार, बेगूसराय पुलिस पड़ी पीछे तो उल्टा पड़ गया मामला
युवक की शादी तक तो मामला दबा-छिपा रहा लेकिन युवती की शादी होने के बाद दोनों की हरकत ने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल शादी के बाद युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद दोनों का हाल बेहद बुरा हुआ।
बेगूसराय/वैशाली, जागरण टीम। बेगूसराय जिले के युवक और युवती की प्रेम कथा शादी के बाद भी खत्म नहीं हुई। दोनों की शादी अलग-अलग जगह हो गई, लेकिन दोनों की नजदीकियां कम नहीं हुईं। पहले युवक की शादी हुई और बाद में युवती की। युवक की शादी तक तो मामला दबा-छिपा रहा, लेकिन युवती की शादी होने के बाद दोनों की हरकत ने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, शादी के बाद युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इसके बाद दोनों का हाल बेहद बुरा हुआ। पुलिस से बचने के लिए दोनों इधर-उधर भागते रहे और एक दिन युवक अपनी प्रेमिका को अकेले छोड़कर भाग निकला। इधर, वैशाली जिले के सराय में एक छात्रा कालेज के लिए घर से निकली तो फिर लौटकर घर नहीं आई।
बेगूसराय जिले के बलिया थाना क्षेत्र के बरबीघी गांव से पुलिस ने विवाहिता के अपहरण के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृता को भी बरामद कर लिया है। उक्त जानकारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपित बरबीघी निवासी मो. सरवर पर गांव की एक विवाहिता को भगाने का आरोप है। स्वजन के दबाव बनाने पर आरोपित लड़की को बलिया में छोड़कर फरार हो गया। गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया एवं अपहृत शादीशुदा युवती को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित भी शादीशुदा है। विवाहिता को प्रेमजाल में फंसाकर एक माह पूर्व फरार हो गया था। मामले में लड़की की मां ने थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
घर से कालेज के लिए निकली छात्रा का अपहरण
वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र की एक छात्रा का अपहरण कर लिया गया। छात्रा के पिता ने सराय थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मेरी पुत्री घर से कालेज के लिए निकली थी। देर शाम तक घर नहीं लौटी तब खोजबीन शुरू किया गया। इस दौरान पता चला कि सराय थाना क्षेत्र के ही मटियारा टोक गांव निवासी श्रवण पासवान के पुत्र ने मेरी पुत्री का अपहरण कर लिया है। मामले में श्रवण पासवान के पुत्र पर अपहरण कर लेने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।