दरिंदगी की इंतिहा- सात माह की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, हालत गंभीर
सात महीने की बच्ची के साथ युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है।
पटना [जेएनएन]। ये दरिंदगी की इंतिहा है। परसा थाना के गांव में सात माह की दुधमुंही बच्ची के साथ गांव के ही युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। दरिंदगी ऐसी कि बच्ची की जान पर बन आई है। खून से लथपथ बच्ची को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में ही छिपे आरोपित की पकड़कर धुनाई कर दी। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।
थानेदार जयप्रकाश ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। बच्ची के परिजनों के लिखित बयान पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार वृद्ध दादा सात माह की पोती को गोद में लेकर चबूतरे पर बैठा था। पेशाब के लिए जाने को उसने गांव के ही चोरवा राम उर्फ पिंटू (27) की गोद में बच्ची दे दी। आरोपित बच्ची को झाड़ी में ले गया और उसके साथ दरिंदगी शुरू कर दी। बच्ची के रोने की आवाज पर दादा मासूम के पास पहुंचा और घर ले जाकर मां को सौंप दिया।
मां ने जब बच्ची के कपड़े हटाए तो उसके अंगों को खून से सना पाया। बच्ची के संवेदनशील अंग में टांका लगाकर खून रोकने की कोशिश की गई। हालत बिगड़ती देख उसे पटना रेफर कर दिया गया है। आरोपित चोरवा राम का भाई मुन्ना राम भी दुष्कर्म के मामले में जेल जा चुका है। 1995 में सामूहिक दुष्कर्म मामले में वह आरोपित था।