रात को फोन रिसीव कर घर से निकल गया युवक, सुबह मिली खून से सनी लाश
पटना में मंगलवार को कुर्जी के रहने वाले एंबुलेंस चालक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई।
पटना, जेएनएन। नौबतपुर के फरीदपुरा में मंगलवार को एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। वो एंबुलेंस चालक था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कन्हाई कुमार (35) पुत्र दीनानाथ साहनी एंबुलेंस चलाने का काम करता था। वो पटना के कुर्जी स्थित राजेंद्र घाट पर रहता था। मृतक की मां ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे कन्हाई को किसी ने फोन किया था। कुछ देर लौटने की बात कहकर वो घर से निकल गया।
देर रात तक नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। सुबह नौबतपुर के फरीदपुरा में एक युवक का शव मिलने के बाद जेब से मिले आधारकार्ड से शिनाख्त में उसकी पहचान कन्हाई के रूप में हुई। कन्हाई की पत्नी के साथ चार बच्चे भी हैं। परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।