पटना के पत्रकार नगर में फिर बड़ी वारदात, पता पूछने पर हुए विवाद के बाद युवक को मारी गोली Patna News
पटना पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक युवक को गोली मार दी गई। पता पूछने के बाद उपजे विवाद में हुई वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए हैं।
पटना, जेएनएन। राजधानी के पॉश इलाके पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में एक बार फिर गोली तड़तड़ाई है। रविवार को पता पूछने पर शुरू हुए विवाद के बाद जोगीपुर नहर के पास बाइक सवार अपराधियों ने रोशन कुमार नाम के युवक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए। गंभीर अवस्था में घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। घायल वैशाली के विद्दुपुर का रहने वाला है।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पत्रकार नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों से लोग सकते में है। पुलिस के अनुसार घायल रौशन बाइक अपनी बाइक से भूतनाथ रोड जाने के लिए निकला था। सुबह करीब 10.30 जैसे ही वो जोगीपुर नाला के पास पहुंचा कि कुछ लोगों ने उसे पता पूछने के लिए रोक लिया। पुलिस का कहना है कि पता पूछने के दौरान ही रोशन का उक्त युवकों से विवाद हो गया। इसी बीच एक ने पिस्टल निकाली और रोशन को गोली मार दी। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि फायरिंग लूटपाट के दौरान की गई है। पत्रकार नगर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वारदात स्थल के आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज तलाशी जा रही है।
पहली सितंबर को पूर्व वार्ड पार्षद की कर दी थी हत्या
इसके पूर्व एक सितंबर को पत्रकार नगर थाना स्थित चित्रगुप्त नगर में दिन-दहाड़े पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद नागेश्वर राय की हत्या कर दी गई थी। नागेश्वर को उनके घर के दरवाजे पर गोली मार दी गई थी। वारदात उस वक्त हुई जब नागेश्वर सैलून से दाढ़ी बनवाकर घर लौटे थे।
युवक की कनपटी से सटाकर मारी थी गोली
इसी साल 14 फरवरी को शाम करीब चार बजे पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के श्यामा हॉस्पिटल के पास एक दीपू सिंह नाम के युवक को गोलीमार दी थी। करणपुरा, बैरिया गोपालपुर के रहने वाले दीपू को जमीनी विवाद में उसी के मौसेरे भाई और दोस्त ने कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी। वारदात के बाद बाइक से दो की संख्या में आए आरोपित फरार हो गए थे।