नालंदा में बड़ा हादसा, हाइवा की टक्कर से टेंपो सवार चार लोगों की मौत, तीन यात्रियों की हालत गंभीर
सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के समीप मंगलवार को भयंकर सड़क हादसा हो गया। यहां हाईवा की टक्कर से टेंपो सवार चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को विम्स पावापुरी में भर्ती कराया गया।
बिहारशरीफ, जागरण संवाददाता। सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के समीप मंगलवार को भयंकर सड़क हादसा हो गया। यहां हाईवा की टक्कर से टेंपो सवार चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को विम्स पावापुरी में भर्ती कराया गया। मृतकों में से एक की पहचान मो इस्लाम की पत्नी मुन्नी खातून के रूप में की गई। अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। घटना से गुस्साए लोगों ने हाइवा में आग लगा दी है। आवागमन भी बाधित कर दिया है।
गुस्साए लोगों ने फूंक दिया हाइवा
बताया जाता है कि हाइवा बिहारशरीफ से शेखपुरा की ओर जा रहा था। वहीं टेंपो अस्थावां थाना क्षेत्र के माफी गांव से अस्थावां बाजार जा रहा था। सारे थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के समीप हाइवा ने सामने से आ रहे आटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद लोग दौड़े। वहां टेंपो सवार यात्री खून से लथपथ इधर-उधर पड़े थे। लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस बीच दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दो अन्य ने बरबीघा अस्पताल में दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने हाइवा चालक को दबोच लिया। इसके बाद हाइवा में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रभा कुमारी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक समेत हाइवा को पकड़ लिया।आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा को आग के हवाले कर दिया।
गिट्टी लदे ट्रक की टक्कर से टेंपो के उड़े परखच्चे
हंगामा की सूचना मिलते ही डीएसपी मो.शिब्ली नोमानी भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि दो शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया। वही घायलों में शेखपुरा जिला के जयरामपुर निवासी सुलेखा कुमारी, बिहार थाना क्षेत्र के उपरौरा निवासी गोविंद कुमार है। डीएसपी ने बताया कि जानकारी के अनुसार गिट्टी से लदा हाइवा बरबीघा से बिहारशरीफ की ओर जा रही था। वही टेंपो सवार यात्री बिहारशरीफ से बरबीघा जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पों के परखच्चे उड़ गए। दो लोगों की मौत मौके पर हो गई। जबकि दो की मौत बरबीघा रेफरल अस्पताल में हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक व हाइवा को पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चालक को हिरासत में लेकर थाने ले आई। ग्रामीणों ने हाइवा को आग के हवाले कर दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।