Bihar Politics: पटना में RJD की होर्डिंग में CM नीतीश की गजब तस्वीर, बिहार सरकार को बताया धृतराष्ट्र
Bihar Politics बिहार विधानसभा के घेराव से ठीक एक दिन पहले राजद की ओर से लगाए गए होर्डिंग को लेकर बिहार की सियासत में हंगामा मचा है। भाजपा व जदयू ने कहा है कि इस होर्डिंग से राजद और इसके नेताओं की मानसिकता झलकती है।
पटना, बिहार ऑनलाइन डेस्क। Bihar Politics बिहार की राजनीति में आजकल खूब उबाल है। बिहार विधान मंडल के बजट सत्र (Bihar Vidhansabha Budget Session) को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी चरम पर है। 23 मार्च यानी कल होने वाले बिहार विधानसभा के घेराव से पहले राष्ट्रीय जनता दल यानी राजद (RJD) की ओर से सोमवार को एक बड़ा सा होर्डिंग जारी किया, जिसके बाद लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) की पार्टी और उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) खास तौर पर भाजपा (BJP) और जदयू (JDU) के निशाने पर आ गए हैं। राजद ने बिहार विधानसभा का एक होर्डिंग जारी करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) और उप मुख्यमंत्री रेणु देवी (Bihar Deputy CM Renu Devi) की तुलना धृतराष्ट्र से की है। राजद और उसके सहयोगी दल कल विधानसभा का घेराव करेंगे।
होर्डिंग के जरिये बढ़ते अपराध पर साधा निशाना
होर्डिंग के जरिये राजद ने बिहार में बढ़ते अपराध के साथ ही नए कृषि कानूनों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा है। इस होर्डिंग में चेन छिनतई, एटीएम लूट, व्यवसायियों पर हमले, शराब बंदी के बावजूद शराब बेचे जाने के साथ ही नए कृषि कानून का जिक्र किया गया है। होर्डिंग के जरिये कल होने वाले विधानसभा के घेराव को सफल बनाने का आह्वान किया गया है। इस पोस्टर में तेजस्वी और लालू समेत राजद के सभी बड़े नेताओं की तस्वीरें लगी हैं। तेजस्वी यादव आज असम के तिनसुकिया में रोड शो और चुनावी सभा कर रहे हैं। हालांकि कल तक उनके बिहार आ जाने की पूरी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के चेहरे पर लगाई काली पट्टी
होर्डिंग में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री रेणु देवी की बड़ी तस्वीर लगाई गई है, लेकिन दोनों की आंखों के सामने काले रंग की पट्टी लगा दी गई है। इस होर्डिंग पर लिखा है कि धृतराष्ट्र रूपी बिहार में आपका स्वागत है।