बिहार: महागठबंधन में सीटों को ले खींचतान, मांझी ने जताई 20 पर दावेदारी
लोकसभा चुनाव में सीटों को लेकर महागठबंधन में खींचतान मची हुई है। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में लोकसभा की 20 सीटों पर दावेदारी की आवाज उठी है।
पटना [जेएनएन]। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पक्ष-विपक्ष के दोनों गठबंधनों में सीटों को लेकर खींचतान जारी है। विपक्षी महागठबंधन में भी लोकसभा चुनाव की सीटों के बंटवारे को लेकर आवाज उठने लगी है। ताजा मामला हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के बिहार की कुल लोकसभा सीटों में आधे पर दावे का है।
मांझी के इस दावे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा कांग्रेस की प्रतिक्रियाएं अभी नहीं मिली हैं। विदित हो कि राजद महागठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल है। इसके सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव फिलहाल चारा घोटाला में सजा पाकर जेल में हैं। राजद आगामी चुनाव में महागठबंधन में सर्वाधिक सीटों की दावेदार है तथा इसके नेता तेजस्वी यादव महागठबंघन के मुख्यमंत्री प्रत्याशी भी हैं।
हम की बैठक में पेश की गई दावेदारी
रविवार को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई। बैठक में परिषद के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी से बिहार में लोकसभा की 20 सीटों पर दावेदारी पेश करने की मांग की। बाद में मांझी ने पत्रकारों से कहा कि बैठक में सदस्यों ने अपनी राय रखी है। महागठबंधन की बैठक में सीटों को लेकर फैसला होगा।
मांझी ने कहा कि बैठक में 12 आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वृषिण पटेल, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव संतोष कुमार सुमन, डॉ. महाचंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. दानिश रिजवान, विजय यादव, रामविलास प्रसाद, रघुवीर मोची, हेमलता पासवान, राजीव नयन बलमा बिहारी, अमरेंद्र कुमार त्रिपाठी आदि उपस्थित थे।