मुख्यमंत्री के प्रयास से खड़ा हुआ मदरसा बोर्ड : शिक्षा मंत्री
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास से मदरसा बोर्ड अब उठ खड़ा हुआ है। उक्त बातें शिक्षा मंत्री ने कही।
फुलवारीशरीफ, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास से मदरसा बोर्ड अब उठ खड़ा हुआ है। यहां शिक्षा के स्तर में लगातार सुधार हो रहा है। मदरसा बोर्ड में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चे अब एनसीईआरटी पुस्तकों से पढ़ाई करेंगे। उक्त बातें मदरसा बोर्ड के नये भवन का उद्घाटन के बाद वास्तानिया परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा ने कही। इस वर्ष वास्तानिया की परीक्षा में 97 प्रतिशत छात्र-छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है।
फुलवारीशरीफ के हारून नगर में मदरसा बोर्ड का कार्यालय नये भवन में शिफ्ट करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के मदरसे और वहां की शिक्षा अन्य राज्यों के लिए उदाहरण हैं। आज बिहार के मदरसे और वहां दी जाने वाली शिक्षा के बारे में जानकारी लेने कई राज्यों से सरकार के प्रतिनिधि आ रहे हैं।
मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अब्दुल क्यूम अंसारी ने एक वर्ष का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। मदरसा बोर्ड द्वारा किये गये कार्यो की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने कई कार्यो से शिक्षा मंत्री को अवगत कराया। परीक्षा परिणाम में छात्राओं का रहा जलवा: वस्तानिया की परीक्षा में छात्राओं का दबदबा रहा। तीसरे स्थान तक लड़कियां आगे रहीं। परीक्षा में कुल 94877 छात्र शामिल हुए थे। प्रथम स्थान पाने में लड़कियों की संख्या 17,825 है, जबकि लड़कों की संख्या 11,235 है। दूसरे स्थान पर भी लड़कियां लड़कों से आगे हैं। द्वितीय श्रेणी में 40,095 छात्राएं, जबकि 23,058 छात्र ने सफलता अर्जित की है। परीक्षा में कुल 34,363 छात्र और 58,082 छात्राओं ने सफलता प्राप्त की है।