बिहार के वैशाली में परिवार से नाराज प्रेमी-प्रेमिका नदी में कूदे, एक को ग्रामीणों ने बचाया- दूसरे की मौत
वैशाली की वाया नदी में कूदे प्रेमी का शनिवार की सुबह शव बरामद कर लिया गया। जबकि प्रेमिका को ग्रामीणों ने पहले ही बचा लिया था।
वैशाली, जेएनएन। जंदाहा थाना क्षेत्र में बीते गुरुवार की रात वाया नदी में कूदे प्रेमी युवक का शव शनिवार की सुबह नदी से बरामद कर लिया गया। नदी में प्रेमिका ने भी छलांग लगयी थी, लेकिन उसे स्थानीय लोगों ने बचा लिया था। बीते शुक्रवार को दिन भर प्रेमी युवक की तलाश नदी में होती रही, मगर आज उसका शव मिला। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जाता है कि घर में हुए झगड़े के बाद युवक तैश में आकर घर से निकला था। जिसके बाद उसने नदी में छलांग लगा दी थी। उसके साथ उसकी प्रेमिक भी थी, जो प्रेमी को डूबता देख खुद भी पानी में कूद गई थी।
प्रेमिका के साथ कहीं जाने के लिए था निकला
युवक सरोज कुमार जंदाहा थाने के हीरपुर गांव निवासी प्रभु राम का पुत्र था। मिली जानकारी के अनुसार उसकी किसी बात को लेकर परिवार में कलह हुई थी। जिसके बाद वह गुरुवार की रात अपने गांव की प्रेमिका के साथ कहीं जाने के निकाला था। जंदाहा वाया नदी पुल पर आकर वह नदी में कूद गया था। उसे नदी में कूदने के बाद उसकी प्रेमिका ने हल्ला किया था और रोते हुए उसने भी नदी में छलांग लगा दी थी। उसके रोने और चिल्लाने की आवाज सुन स्थानीय लोग पुल पर पहुंच गए थे। जैसे ही उसने नदी में छलांग लगाई, स्थानीय लोगों ने नदी से निकाल उसकी जान बचा ली थी। घटना की सूचना मिलने पर जंदाहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। जिसके बाद लोगों ने प्रेमिका को पुलिस के हवाले कर दिया था। इधर, प्रेमी सरोज के घरवालों को जब घटना की जानकारी मिली तो शुक्रवार को दिन भर गोताखोरों की मदद से नदीं में सरोज की तलाश की जाती रही। इस बीच शनिवार की सुबह उसका शव नदी में उतराता हुआ मिला।