बिहार के वैशाली में एक दिन पहले फरार हुए थे प्रेमी युगल, इस हालत में गड्ढे में मिला दोनों का शव
बिहार के वैशाली जिले में भगवानपुर थाना क्षेत्र से एक प्रेमी युगल का शव बरामद किया गया है। दोनों की हत्या कर शव को फेंके जाने की आशंका है। ग्रामीणों को आशंका है कि युवती के साथ गंदा काम किया गया है।
भगवानपुर (वैशाली), संवाद सूत्र। Murder in Vaishali: वैशाली जिले के भगवानपुर थाने के प्रतापटांड़ पानी टंकी के निकट पानी भरे गड्ढे में एक युवक और एक युवती का शव बरामद किया गया है। इससे सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। मृतकों की पहचान कर ली गई है। युवक-युवती में प्रेम प्रसंग था। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग उधर गए तो गड्ढे में शव पड़ा देखा। इसके बाद लोगों की भीड़ लग गई। पहचान होने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पुलिस को दी गई।
चाय की दुकान चलाता था युवक, वहीं हुआ था युवती से प्यार
बताया जाता है कि युवक की चाय की दुकान प्रतापटांड़ में है। वहीं लड़की का बथान है। वह सुबह-शाम अपने स्वजनों को वहां खाना देने जाती थी। इसी बीच दोनों की आंखें चार हुईं। वहीं दोनों में प्यार हुआ। इसके बाद दोनों मिलने लगे। लेकिन स्वजनों को यह बात नागवार गुजरी। दोनों अलग-अलग जाति के थे। युवती पर स्वजनों ने पहरा लगाया। लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। वे पहले की तरह एक-दूसरे के संपर्क में रहे। इस बीच दोनों गायब हो गए थे। थानाध्यक्ष आलोक कुमार बताया कि दोनों में प्रेम प्रसंग था। इसका विरोध स्वजन कर रहे थे। एक दिन पूर्व दोनों घर से गायब हो गए थे। अब उनका शव बरामद किया गया है। इधर दोनों का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है।
ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा
ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है। युवती के साथ गलत काम की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ऐसी किसी संभावना से इंकार कर रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आनर किलिंग समेत कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।