बिहारः दो महीने टिक न सकी लव मैरिज, छोटी सी बात पर सास-ससुर के साथ मिलकर पति ने फोड़ा सिर
बिहार के बक्सर में प्रेम विवाह के दो महीने बाद लड़के और लड़की के रिश्ते में खटास आ गई। विवाद इतना बढ़ा कि पति ने सास-ससुर के साथ मिलकर पत्नी की सिर फोड़ दिया। पीड़िता ने महिला थाने में एफआइआर दर्ज कराई है।
जागरण संवाददाता, बक्सर : बदलते परिवेश में प्रेम-विवाह का चलन बढ़ा है, लेकिन रिश्तों की कसौटी पर कई शादी सात जन्मों के बंधन वाली सनातनी अवधारणा पर खरी नहीं उतर पा रही। ऐसे में कुछ ही दिनों बाद खटास आने पर रिश्तों को टूटने में भी देर नहीं लगती। इसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला बक्सर महिला थाना में आया, जिसमें प्रेम की बुनियाद पर शादी का अटूट बंधन दो महीने पर कायम नहीं रह सका। पति अपनी नई-नवेली पत्नी को छोड़कर वापस अपने माता-पिता के पास चला गया था, गुरुवार की शाम लड़के ने अपने मां-बाप के साथ मिलकर लड़की पर जानलेवा हमला कर दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपितों की तलाश की जा रही है।
दो महीने पहले की थी शादी
महिला थनाध्यक्ष नीतू प्रिया ने बताया कि महज दो माह पूर्व बक्सर की एक लड़की और लड़के ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद पति के साथ शहर के में रह रही युवती से उसके माता-पिता ने अपना संबंध तोड़ लिया। इधर, विवाह को अभी चंद रोज भी नहीं बीते थे कि दोनों के बीच खटपट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि युवती ने पति पर महिला थाने में केस दर्ज करा दिया। इसके बाद पति अपनी पत्नी को किराए के मकान में अकेला छोड़ दूसरी जगह अपने माता-पिता के साथ रहने लगा।
किराया मांगने पहुंच गई ससुराल
किराए के मकान में रह रही युवती से जब मकान मालिक ने किराए की मांग की, तब वह पैसे मांगने के लिए गुरुवार को अपने ससुर के घर पति से मिलने पहुंची, वहां बहू को देखते ही पति पर पूर्व में किए गए केस को लेकर ससुरालवाले आगबबूला हो गए और पति समेत सास और सास-ससुर ने मारपीट शुरू दी। एक साथ चौतरफा मारपीट में लड़की का सिर फट गया और बुरी तरह लहूलुहान हालत में वह सीधे महिला थाना पहुंच गई। महिला थनाध्यक्ष को सारी बात बताने के बाद उसने पति और ससुर समेत ससुराल के पांच लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते प्राथमिकी दर्ज करा दी। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला पुलिस ने आरोपित स्वसुर डॉ.सुरेंद्र चौधरी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना के बाद से पति फरार है। महिला थनाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।