उम्र का फासला या जाति का बंधन, 18 साल के प्रेमी ने 20 साल की प्रेमिका संग लगा ली फांसी
बिहार के सासाराम जिले में गुरुवार को एक प्रेमी युगल का शव एक ही कमरे से बरामद किया गया है।प्रेमी की उम्र 18 साल की है और प्रेमिका की 20 साल। दोनों ने एक साथ फांसी लगा ली।
सासाराम, जेएनएन। गांव के एक 18 साल के लड़के को अपने ही गांव की 20 साल की लड़की से प्यार हो गया दोनों के प्यार को नजर लग गई और दोनों ने एक साथ एक ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अब उम्र का फासला या जाति का बंधन, जाने क्या बात हुई कि दोनों ने अपनी जान दे दी। अब उन्होंने आत्महत्या की है या उनकी हत्या की गई है , पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के दरानगर गांव में बुधवार की रात युगल प्रेमी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि दोनों ने एक साथ फांसी लगाकर आत्महत्या की है। लेकिन मालूम हो कि 18 वर्षीय लड़के ने अपने ही गांव की दूसरी संप्रदाय की 20 वर्षीया लड़की से मिलने रात में चोरी-चोरी उसके घर पहुंचा था। फिर दोनों रातभर साथ में थे। सुबह दोनों का शव लड़की के कमरे से बरामद की गई।
हालांकि बताया जा रहा है कि लड़के के आने की जानकारी लड़की के घर वालों को हो गई थी। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच करेगी। घर के लोगों का कहना है कि दोनों रात में कमरे में बंद थे जिसके बाद कमरे के अंदर ही दोनों ने फंदा लगा आत्महत्या कर ली।
घरवालों ने बताया कि जब घर वाले सुबह जब लड़की के कमरे का दरवाजा खोलवने लगे तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी । वहां पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर देखा तो दोनों का शव पंखे से झूल रहा था। पुुलिस ने दोनों के शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है। एसपी सत्यवीर सिंह ने कहा कि घटना की जांच कराई जा रही है । हत्या है या आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच की जाएगी। घरवालों से पूछताछ जारी है।