Bihar Lockdown News: कोरोना की स्थिति की समीक्षा कर रही सरकार, अभी केवल कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन
Bihar Lockdown News बिहार में सरकार कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा केे बाद लॉकडाउन को लेका कोई फैसला लेगी। फिलहाल राज्य में केवल कंटेनमेंट जोन में लॉकडाउन लागू है।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देख कर सरकार लॉकडाउन में विस्तार को लेकर कोई फैसला लेगी। सूचना एवं जन संपर्क सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि राज्य सरकार ने लॉकडाउन के बारे में कोई नया निर्देश जारी नहीं किया है।फिलहाल कंटेनमेंट जोन को छोड़ कर राज्य के किसी भी हिस्से में लॉकडाउन लागू नहीं है। राज्य में केंद्रीय गृह मंत्रालय की 30 मई को जारी गाइडलाइन के तहत विभिन्न क्षेत्रों में गतिविधियों को इजाजत दी गई है।
तब सीमित क्षेत्र में ही लागू होता है लॉकडाउन
उन्होंने बताया कि जहां कोरोना के नए मामले आते हैं, उसे एपी सेंटर मानते हुए वहां के जिलाधिकारी खास हिस्से को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हैं। सिर्फ उस सीमित हिस्से में ही लॉकडाउन लागू रहता है। कंटेनमेंट जोन में सभी घरों की विशेष रूप से स्क्रीनिंग करायी जाती है। किसी कंटेनमेंट जोन में 28 दिनों तक कोरोना का नया मामला नहीं आता है तो उस इलाके को डीनोटिफाई कर दिया जाता है।
लगभग 68 हजार लोग हैं क्वारंटाइन सेंटरों में
कुमार ने बताया कि आज की तारीख में प्रखंड क्वारंटाइन सेंटर में सिर्फ 67 हजार 978 लोग रह रहे हैं। 14 लाख 56 हजार 123 लोग क्वारंटाइन की निर्धारित अवधि पूरी कर अपने घर लौट गए हैं। राज्य सरकार चार लाख 52 हजार से अधिक योजनाओं के अंतर्गत पांच करोड़ 97 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
71 पुलिसकर्मी स्वस्थ हुए
अपर पुलिस महानिदेशक मुख्यालय जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक जून से अब तक कुल 19 प्राथमिकी दर्ज की गयी है। 39 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई हैं। 9166 वाहन जब्त किए गए हैं। इससे कुल दो करोड़ 46 लाख रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। अब तक कुल 93 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हुए थे। इनमे से 71 पुलिसकर्मी स्वस्थ हो चुके हैं। शेष पुलिसकर्मियों की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।