बिहारः चिराग का दावा, नीतीश कुमार, आरसीपी, ललन सिंह और कुशवाहा जदयू को पहुंचाने जा रहे बड़ा नुकसान
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को लेकर लोजपा सांसद चिराग पासवान ने बड़ा दावा कर दिया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिराग ने कहा है कि जदयू में शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। इसका असर ये होगा कि पार्टी में टूट होगी।
जागरण टीम, पटना। बिहार के राजनीतिक दल में टूट और इससे जुड़ीं खबरें आना आम होता जा रहा है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) दो गुट में बंट गई है। जमुई सांसद चिराग और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस अपने-अपने को पार्टी का अध्यक्ष बता रहे हैं। अब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को लेकर लोजपा सांसद चिराग पासवान ने बड़ा दावा कर दिया है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए चिराग ने कहा है कि जदयू में शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह), जदयू सुप्रीमो राजीव रंजन ऊर्फ ललन सिंह और जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसका नुकसान पार्टी को होगा। चिराग ने कहा कि जदयू में जल्द बड़ी टूट होने वाली है।
चिराग ने कहा कि जदयू में हर कोई एक दूसरे को अपनी ताकत दिखाने पर तुला है। पार्टी में चार नेताओं के अलग-अलग गुट बंट गए हैं। खेमेबाजी चरम पर है। बकायदा चिह्नित किया गया है कि कौन किस की तरफ है। ऐसे में अंदरखाने में चल रही रस्साकशी बहुत जल्द सामने आएगी। पार्टी में बड़ी टूट देखने को मिलेगी। चिराग ने अपने पुराने बयान को दोहराते हुए यह भी कहा कि बिहार की नीतीश सरकार अपने कार्यकाल को पूरा नहीं कर पाएगी। राज्य में मध्यावधि चुनाव होंगे। बिहार की जनता नीतीश कुमार के कार्यों से असंतुष्ट है। इसका असर जल्द ही जमीन पर देखने को मिलेगा। बता दें कि पिछले महीने आठ अगस्त को पटना में लगे एक पोस्टर ने सुर्खियां बटोरी थीं। केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह के समर्थन में लगाए गए पोस्टर में 14 नेताओं के फोटो में उपेंद्र कुशवाहा और ललन सिंह स्थान नहीं दिया गया था। इस मामले को लेकर सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि बाद में जदयू ने इसको लेकर सफाई भी दी थी।