CoronaVirus Bihar Update: पहली बार 10 हजार के पार पहुंचे एक्टिव केस, मिले 1625 नए संक्रमित
CoronaVirus Bihar Update बिहार में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को जदयू नेता समेंत चार की मौत हो गई। राज्य में क्या हैं ताजा हालात जानिए इस खबर में।
पटना, जागरण टीम। बिहार में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को एक बार फिर 1625 संक्रमित मिले। इनमें 21 जुलाई को 908 जबकि 22 जुलाई को मिले 717 कोरोना मरीज शामिल हैं। जिसके बाद राज्य में एक्टिव केस की संख्या 10 हजार के पार पहुंच गई। यह पहला मौका है जब एक्टिव मामले 10 हजार के पार गए हैं। गुरुवार को जदयू विधान पार्षद मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव समेत चार लोग कोरोना से जंग में हार गए। इधर उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के आप्त सचिव शैेलेंद्र कुमार ओझा की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं भागलपुर के कमिश्नर वंदना प्रेयसी का एम्स में इलाज शुरू कर दिया गया है। उनकी हालात स्थिर बताई जा रही है।
आठ दिन में छह हजार से 10 हजार हो गए एक्टिव
बिहार में एक्टिव केस की संख्या लगातार बढ़ रही है। 15 जुलाई तक प्रदेश में एक्टिव मामलों की संख्या 6482 थी जो महज आठ दिन में बढ़कर 10 हजार के पार पहुंच गई है। वर्तमान में राज्य में एक्टिव केस 10519 हो गई है। इनमें सर्वाधिक मामले पटना में हैं।
एक दिन में 30 से 31 हजार के पार पहुंचा आंकड़ा
प्रदेश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बुधवार तक 30066 था जो 1625 नए संक्रमित मिलने के साथ ही 31691 पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दो दिन में 10120 सैंपल की जांच में 1625 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं।
20959 ने अब तक कोरोना को पराजित किया
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की माने तो पिछले 24 घंटे में 1083 लोगों ने कोरोना के खिलाफ जंग जीती है। जिसके बाद प्रदेश में महामारी को अब तक मात देने वालों की संख्या 20959 हो गई है।
जदयू विधान पार्षद पति समेत आज चार की मौत
कोरोना से मृत्यु दर भी लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को 11, बुधवार को 10 के बाद गुरुवार को महामारी की वजह से चार लोगों की मौत हो गई। इनमें जदयू विधान पार्षद मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव भी शमिल हैं। बिंदी यादव को संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज उन्होंने आखिरी सांस ली। बिंदी यादव के अलावा पटना में एक और रोहतास में दो लोगों की महामारी से मौत हुई है। अब तक 224 लोग कोरोना के शिकार हुए हैं।