Coronavirus Bihar News Update : बिहार में फिर मिले 213 नए कोरोना मरीज, टोटल 7503; ठीक हुए 5367
Coronavirus Bihar News Update आज फिर 213 कोरोना मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 7503 हो गई है तो वहीं अबतक 51 मरीजों की मौत हो चुकी है।
राज्य ब्यूरो, पटना।Coronavirus Bihar News Update : बिहार में शनिवार को फिर मिले 213 नए कोरोना मरीज। पहली रिपोर्ट में 90 तो दूसरी रिपोर्ट में 123 नए पॉजिटिव केस पाए गए। इस तरह बिहार में कुल संक्रमितों की संख्या 7503 हो गई है। हालांकि आज किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। इससे मृतकों का आंकड़ा 51 पर रुका हुआ है, जो अच्छा संकेत है।
इधर, शनिवार को राज्य में मिले 213 नए मरीजों में से अकेले पटना से 21 पॉजिटिव हैं। अब पटना में संक्रमितों की संख्या 396 हो गयी। इनमे अब तक 223 लोग ठीक भी हुए हैं। शनिवार को 38 जिलों के जांच लैब में 5586 सैम्पल की जांच में यह मरीज मिले हैं। अब राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 7503 हो गई है। इनमे से अब तक 5367 लोग ठीक हो चुके है। विगत 24 घंटे में 269 लोग महामारी को पराजित करने में सफल रहे।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि आज अब तक जांच में 26 जिलों से 213 लोगों के सैम्पल पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि औरंगाबाद से 21, बांका से 18, दरभंगा से 11, समस्तीपुर से 15 पॉजिटिव मिले हैं। इनके अलावा भागलपुर से चार, गोपालगंज से एक, जहानाबाद से छह, मधेपुरा से पांच, मुजफ्फरपुर से पांच, पटना से 21 पूर्णिया से सात जबकि सुपौल से 15, वैशाली से एक पॉजिटिव मिले हैं। साथ ही अरवल से 10, औरंगाबाद से एक, पूर्वी चंपारण से चार, गया से 10, जमुई से एक, कटिहार से 20, लखीसराय से एक, मधुबनी से 16, मुंगेर से नौ, नालन्दा से एक, सारण से एक, सिवान से सात और प. चंपारण से पांच पॉजिटिव मिले हैं।
लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि राज्य में अबतक करीब एक लाख 51 हजार सैम्पल की जांच हुई है। जिसमे कुल 7503 पॉजिटिव मिले है। यानी कुल जांच का करीब 4.96 फीसद रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इनमे से अब तक 5367 लोग कोरोना के चंगुल से मुक्त भी हो चुके हैं। इस बीमारी से राज्य में अबतक 51 लोगों की मौत हुई है। राज्य में वर्तमान में एक्टिव केस 2086 रह गए हैं।