CoronaVirus Bihar Update: बिहार में कोरोना से चौथी मौत, रेड जोन में आधे से अधिक मरीज
CoronaVirus Bihar news Update बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। राज्य में चार मौत हो चुकी है। अइभी तक 481 मरीज मिल चुके हैं।
पटना, जागरण टीम। CoronaVirus Bihar news Update: बिहार में कोरोना (CoronaVirus) संक्रमण की रफ्तार तेज होती दिख रही है। साथ ही लगातार दो दिनों में दो मौतें भी हुई हैं। शनिवार को भी सीतामढ़ी के एक मरीज की मौत हो गई। इसके पहले शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के एक मरीज की मौत हुई थी। इन मौतों के साथ राज्य में कोराना पॉजिटिव चार मरीजों की मौत हो चुकी है। 'शनिवार को अभी तक 15 नए मरीज मिले हैं।
हॉट-स्पॉट्स (Hot Spots) या रेड जोन (Red Zones) भी तीन से बढ़ कर पांच हो गए हैं। राज्य के 30 जिले कोरोना प्रभावित हैं, लेकिन अधिकांश मामले रेड जोन के इन्हीं पांच जिलों में ही मिले हैं। शनिवार को अभी तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य में कुल 481 कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं। इनमें 101 मरीज ठीक हो चुके हैं।
शनिवार को मिले 15 मरीज, अभी तक चार की मौत
शनिवार को बिहार में कोरोना से चौथी मौत हुई। सीतामढ़ी के 45 वर्षीय कैंसर के कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। शुक्रवार को पूर्वी चंपारण के बंजरिया के एक कैंसर पीडि़त कोरोना पॉजिटिव मरीज की भी मौत हो गई थी। इसके पहले वैशाली व मुंगेर के दो मरीजों की मौत हो चुकी है। शनिवार को 15 नए मरीज भी मिले। इनमें भोजपुर के छह, कैमूर के तीन तथा बक्सर व कटिहार के दो-दो तथा अररिया के एक मरीज शामिल हैं। लंबे समय बाद सारण में भी एक मरीज मिला है।
रेड जोन में मिले आधे से अधिक मरीज
कोरोना संक्रमण के लिहाज से पूरे देश को तीन जोन (रेड, ऑरेंज व ग्रीन) में बांटा गया है। बिहार के पांच जिले (मुंगेर, पटना, रोहतास, बक्सर और गया) रेड जोन में रखे गए हैं। इन जिलों में राज्य के आधे से अधिक कोरोना मरीज मिले हैं। राज्य के कुल 478 मरीजों में से 250 इन्हीं पांच जिलों के हैं। राज्य के ऑरेंज जोन में शामिल 20 जिलों और ग्रीन जोन के 13 में से पांच जिलों में शेष मरीज मिले हैं।
हाल में बढ़ी कोरोना संक्रमण की रफ्तार
हाल के दिनों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ी है। शुक्रवार को 41 नए मामले मिले। इसके पहले गुरुवार को 22 पॉजिटिव मामले मिले थे।
95 मामलों के साथ सबसे बड़ा हॉट-स्पॉट बना मुंगेर
राज्य के रेड जोन में शामिल जिले मुंगेर, पटना, रोहतास, बक्सर और गया हैं। कोरोना के हॉट-स्पॉट जिलों की बात करें तो मुंगेर 95 मामलों के साथ टॉप पर है। यहां सर्वाधिक मामले जमालपुर में मिले हैं। रोहतास में 52, बक्सर में 51 तथा पटना में 43 मामले मिले हैं। जहां तक गया की बात है, यह लजला भी रेड जोन में है, लेकिन यहां केवल छह मामले ही मिले हैं।