Coronavirus Bihar News Update: बिहार में फूटा कोरोना बम, मिले 324 नए मरीज, संख्या हुई 1987
Coronavirus Bihar News Update बिहार में आज सुबह से अबतक कोरोना के 324 नए मरीज मिले हैं जिसके बाद बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 1987 हो चुकी है।
जागरण टीम, पटना। Coronavirus Bihar News Update : बिहार में विगत 24 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण के 324 मामले सामने आए हैं। 24 घंटे में मिले पॉजिटिव मामलों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1987 हो गई है। बुधवार की दोपहर तक राज्य में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1663 थी। आज पाए गए नए मामलों में से अकेले जहानाबाद के 50 हैं। इसके अलावा गया से सात, समस्तीपुर से नौ, वैशाली से चार, बक्सर से 11, शेखपुरा से 2 व पूर्णिया से एक है।
24 घंटे में ठीक हुए 22 संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 24 घंटे के अंदर 22 और मरीजों ने इस महामारी को परास्त किया है। अब तक कुल 593 संक्रमित इस महामारी को पराजित कर चुके हैं। स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार ने बताया कि 24 घंटे के अंदर जहानाबाद, मधुबनी, सुपौल, पटना, बेगूसराय, पूर्वी और पश्चिम चंपारण के अलावा खगड़यिा, मुंगेर, गोपालगंज, पूॢणया, कटिहार, लखीसराय, शेखपुरा, समस्तीपुर और रोहतास जिलों में अन्य राज्यों से लौटे प्रवासियों की जांच में 324 लोग पॉजिटिव पाए गए।
1086 प्रवासी हैं पॉजिटिव
लोकेश कुमार ने बताया कि राज्य में अब तक लौटे सात लाख प्रवासियों में से 12 हजार से अधिक प्रवासियों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें 1086 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक पॉजिटिव वे हैं जो नई दिल्ली से लौटे हैं। उनके मुताबिक दिल्ली से लौटे 296 प्रवासी पॉजिटिव मिले हैं। महाराष्ट्र से लौटे 253, गुजरात से लौटे 180, हरियाणा से आए 66, पश्चिम बंगाल से लौटे 58 लोगों के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। शेष जिलों से पांच से सात की संख्या में प्रवासियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
जांच में लाई जा रही तेजी
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि राज्य में अब तक 55692 सैंपल की जांच की जा चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना सैंपल की जांच में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश के आलोक में वद्र्धमान इंस्टीट््यूट ऑफ मेडिकल सांइस पावापुरी, जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया और अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज गया और सदर अस्पताल सिवान में ट्रू-नेट मशीन से कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही कुछ अन्य मेडिकल कॉलेज अस्पताल और सदर अस्पताल में भी ट्रू-नेट मशीनों से जांच प्रारंभ की जाएगी।